रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले में निर्माणाधीन एम्स माजरा तक पहुंचना अब आसान होने वाला है। अस्पताल शुरू होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने रेवाड़ी-नारनौल हाईवे से एम्स को जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत रेलवे लाइनों के ऊपर करीब 169 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन का रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) बनाया जाएगा। बता दें कि पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की ओर से इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।

विभाग के कार्यकारी अभियंता सतेंद्र श्योराण के मुताबिक, टेंडर 10 दिसंबर को खोला जाएगा। ठेका आवंटित होने के बाद निर्माण कार्य को 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दो रेलवे लाइनों के ऊपर बनेगा ROB
इस ओवर ब्रिज को चार लेन का बनाया जाएगा। इसमें दोनों तरफ दो-दो लेन होंगी। एम्स माजरा को हाईवे से जोड़ने के रास्ते में रेलवे की दो लाइनें पड़ती हैं। ऐसे में इन पर ओवर ब्रिज तैयार किया जाएगा। हाईवे पर प्राचीन हनुमान मंदिर के पास से इसका निर्माण शुरू होगा। दोनों तरफ क्लोवरलीफ बनाकर इसे हाईवे से जोड़ा जाएगा, जिससे वाहन चालकों को एम्स पहुंचने और वापस लौटने में आसानी होगी।
210 एकड़ में बन रहा एम्स
एम्स माजरा तक पहुंचने के लिए कोई प्रमुख सीधा रास्ता नहीं है। करीब 210 एकड़ जमीन पर 1,700 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। मौजूदा सड़क से मरीजों और अन्य लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती थी। इसी को देखते हुए हाईवे से सीधा संपर्क बनाने की योजना तैयार की गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री के अनुसार, कोशिश है कि एम्स शुरू होने तक ROB का निर्माण भी पूरा हो जाए, ताकि लोगों को अस्पताल पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।