दिल्ली में छिपी 250 से ज्यादा कछुओं की अनोखी दुनिया, 78 स्टार टर्टल भी मौजूद

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली का नाम आते ही जहन में भीड़भाड़, प्रदूषण और ट्रैफिक का शोर आने लगता है लेकिन इसी शहर के दक्षिणी हिस्से में अरावली की पहाड़ियों के बीच एक ऐसी जगह भी है, जहां प्रकृति की शांति और वन्यजीवों की दुनिया देखने को मिलती है। यहां तस्करी से बचाए गए सैकड़ों कछुओं को सुरक्षित माहौल में नया जीवन दिया जा रहा है।

Asola Bhatti Wildlife Sanctuary

तुगलकाबाद के पास स्थित असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में 250 से अधिक कछुए हैं। इनमें कई अलग-अलग प्रजातियां शामिल हैं। करीब 78 स्टार टर्टल भी यहां मौजूद हैं। लगभग 5 साल पहले यहां कछुओं के संरक्षण और पुनर्वास का काम शुरू किया गया था।

निशान बनाते हैं खास

इस परिसर में सबसे आकर्षक स्टार टर्टल हैं। इनके खोल पर पीले रंग के सितारों जैसे निशान बने होते हैं, जो इन्हें अलग पहचान देते हैं। खूबसूरत खोल के कारण ही अवैध वन्यजीव कारोबार में इनकी मांग रहती है। तस्करी से बचाए गए इन कछुओं को यहां सुरक्षित रखा गया है। स्टार टर्टल के अलावा यहां इंडियन रूफ टर्टल, इंडियन फ्लैपशेल, टेंट टर्टल, यलो स्पाटेड और इंडियन आइड टर्टल जैसी प्रजातियां भी हैं। इनके रहन-सहन और शारीरिक बनावट को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। हार्डशेल और सॉफ्टशेल कछुओं के लिए अलग तालाब बनाए गए हैं। परिसर में ब्लैक पोंड भी मौजूद है।

पर्यटकों के लिए नहीं

वन्यजीव विशेषज्ञ लखन के मुताबिक, कछुओं का यह परिसर चिड़ियाघर की तरह पर्यटकों के घूमने के लिए नहीं बनाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य कछुओं का संरक्षण और पुनर्वास है। लोग इन्हें दूर से देख सकते हैं, लेकिन इनके बीच जाकर घूमने या छूने की अनुमति नहीं है। स्टार टर्टल वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-एक में शामिल है। इसे पकड़ना, इसका अवैध व्यापार करना या निजी तौर पर रखना कानूनन अपराध है।

दिखते हैं प्रवासी पक्षी

तितलियां, सरीसृप और कई स्तनधारी जीव भी यहां की जैव विविधता का हिस्सा हैं। तेंदुओं की मौजूदगी इस अभयारण्य को और खास बनाती है। हरियाली और शांत वातावरण के कारण यह जगह प्रकृति प्रेमियों को भी आकर्षित करती है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.