खुशखबरी: 60 साल बाद इस सड़क को मिलेगी नई पहचान, रेलवे स्टेशन से सीधे बाईपास पहुंच सकेंगे हिसारवासी

हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लोगों को दशकों बाद एक बड़ी खुशखबरी मिलने की उम्मीद जग उठी है। इससे जिले के लोगों को न केवल शहर की सड़कों की भीड़-भाड़ से छुटकारा मिलेगा बल्कि उनके लिए बाईपास की डगर एकदम से बेहद सुगम हो जाएगी। यहां जिला प्रशासन ने सालों से गुमनामी का दंश झेल रही एक सड़क को फिर से ट्रैफिक संचालन के लिए जीवित करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

Hisar News 1

प्रदेश सरकार की विशेष समिति ने हिसार रेलवे स्टेशन से भामाशाह नगर और ब्राह्म महाविद्यालय के सामने से होते हुए शहर की सीमा तक जाने वाले पुराने सड़क मार्ग को साउथ बाइपास से जोड़ने के प्रस्ताव पर सकारात्मक रूख दिखाया है।

सकारात्मक रूख से जगी उम्मीदें

लघु सचिवालय में PWD मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में आयोजित हुई एक बैठक में इस परियोजना पर गंभीरता से विचार किया गया है। बैठक में उपस्थित ज्यादातर सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है जिसके बाद अब इस सड़क मार्ग को आमजन के लिए दोबारा तैयार करने की दिशा में आगामी औपचारिकताएं शुरू करने की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस परियोजना के पूरा होने पर न केवल शहर में ट्रैफिक संचालन में सुधार आएगा बल्कि शहर की सड़कों को भी ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी।

ट्रैफिक दबाव होगा कम

लगभग 60 सालों से अतिक्रमण और उपेक्षा के चलते गुमनामी का दंश झेल रहे इस सड़क मार्ग को फिर से खोलने से शहर के लिए सुगम ट्रैफिक संचालन में राहत की नई उम्मीद बनी है। इस सड़क मार्ग के साऊथ बाईपास से जुड़ने पर पुराने शहर और दक्षिणी हिस्से के बीच आवाजाही अधिक सुगम होगी तथा शहर की मुख्य सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करने में बड़े स्तर पर कामयाबी मिलेगी।

सड़क मार्ग को नई पहचान

रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार से शहर की सीमा तक रेलवे लाइन के समानांतर दर्ज इस सार्वजनिक मार्ग की औसत चौड़ाई करीब 24 फीट बताई गई है। राजस्व रिकॉर्ड में इसकी मौजूदगी और पूर्व में किए गए प्रयासों के बाद अब सरकारी स्तर पर प्रस्ताव पर सहमति बनने से रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और विकसित करने की संभावना जग गई है। इस सड़क मार्ग के खुलने से पुराने शहर को साऊथ बाईपास तक पहुंचने के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग की सुविधा मिलेगी।

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.