फ्लाइट टिकटों की कीमतों ने बढ़ाई यात्रियों की चिंता, त्योहारों में दिल्ली-पटना किराया 114% उछला

नई दिल्ली | हवाई जहाज में सफर करना अब भी आम आदमी के लिए बड़ी बात है। उम्मीद थी कि विमानन क्षेत्र के विस्तार के साथ फ्लाइट टिकट सस्ते होंगे, लेकिन कई रूटों पर किराया लगातार बढ़ रहा है। त्योहारों के दौरान यात्रियों को सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। बता दें कि विमानन विश्लेषण कंपनी सर्कियम के आंकड़ों के मुताबिक, जून 2026 में देश के 20 प्रमुख घरेलू रूटों में से 18 पर औसत इकोनॉमी किराया बढ़ा। इनमें 11 रूटों पर 15 प्रतिशत से अधिक और 5 पर 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Flight Ticket Price

12 नवंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली के दौरान दिल्ली-पटना का एकतरफा औसत इकोनॉमी किराया 11,988 रुपये रहा। सामान्य दिनों में यह 5,608 रुपये था। इस तरह किराये में 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। दिल्ली-वाराणसी रूट पर भी किराया 49 प्रतिशत अधिक रहा।

स्पाइसजेट की हिस्सेदारी में गिरावट

डीजीसीए के सितंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी 65.4 प्रतिशत और एयर इंडिया समूह की 26.8 प्रतिशत रही। दोनों की संयुक्त हिस्सेदारी 92.2 प्रतिशत है। वहीं, अकासा एयर की हिस्सेदारी 5.6 प्रतिशत और स्पाइसजेट की केवल 0.6 प्रतिशत रही। स्पाइसजेट की बाजार हिस्सेदारी जनवरी 2026 के 3.9 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 0.6 प्रतिशत रह गई। कंपनी की आर्थिक स्थिति, नकदी की कमी और कई विमानों के परिचालन से बाहर रहने का असर उसकी प्रतिस्पर्धी क्षमता पर पड़ा है।

लागत भी बढ़ा रही किराया

विमानों की लीज का भुगतान डॉलर में होने से रुपये की कमजोरी एयरलाइंस का खर्च बढ़ाती है। इसके अलावा ईंधन, इंजन रखरखाव और एयरपोर्ट शुल्क भी लागत बढ़ाते हैं। क्रिसिल रेटिंग्स के अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनियों का कुल लीज किराया 15 प्रतिशत बढ़कर 27,000 से 28,000 करोड़ रुपये हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, बढ़ती लागत के बीच किराया तय करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा जरूरी है, ताकि यात्रियों को उचित कीमत पर बेहतर सेवाएं मिल सकें।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.