सोनीपत | शादी की तैयारियां पूरी हों और ऐन मौके पर बारात लौट जाए तो दोनों परिवारों के लिए यह बड़ा झटका होता है। हरियाणा के सोनीपत में दहेज की मांग को लेकर बारात लौटने के आरोपों के बीच अब दूल्हा खुद सामने आया है। उसने ब्रेजा कार और सोने के गहनों की मांग करने के आरोपों को गलत बताया है। बता दें कि सोनीपत के वेस्ट रामनगर निवासी सुभाष कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बेटी की शादी गोहाना के गांधी नगर निवासी दिल्ली पुलिस के जवान कुलदीप से तय हुई थी।

पिता का आरोप है कि 20 नवंबर को शादी वाले दिन ब्रेजा कार और सोने के गहनों की मांग पूरी नहीं होने पर बारात वापस लौट गई। वहीं, दूल्हे कुलदीप का दावा है कि उसने न तो किसी गाड़ी की मांग की और न ही शादी से इनकार किया।
दूल्हे कुलदीप का दावा
उसके मुताबिक, शादी से पहले 10 से 20 लोगों की मौजूदगी में छोटा कार्यक्रम करने की बात हुई थी। शादी वाले दिन रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और माहौल बिगड़ गया। कुलदीप का आरोप है कि वाटिका का गेट अंदर से बंद कर लड़की पक्ष ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उसने डायल 112 पर फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बाहर निकलवाया। केवल इतना ही नहीं, करीब 35 मिनट के भीतर सामान वापस करने के साथ 15 से 20 लाख रुपये देने की मांग भी की गई।
दुल्हन पक्ष का दावा
दूसरी ओर, दुल्हन के पिता का कहना है कि उन्होंने शादी पर करीब 32 लाख रुपये खर्च किए। पहले दूल्हा पक्ष ने दहेज नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में गाड़ी, सोने के गहने और महंगे कपड़ों की मांग की गई। पिता के मुताबिक, उन्होंने 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी, लेकिन दूल्हा पक्ष ब्रेजा कार मांग रहा था। इधर, कुलदीप का कहना है कि वह आज भी शादी करने के लिए तैयार है और लड़की पक्ष अपनी मर्जी से दिया गया सामान वापस ले सकता है।
फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला सेक्टर-27 थाना पुलिस तक पहुंच चुका है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। अब देखना यह होगा कि मामला आगे क्या मोड़ लेता है।