सोनीपत | शादी के रिश्ते में जब कार की मांग और दहेज को लेकर विवाद खड़ा हो जाए तो मामला सिर्फ दो परिवारों तक सीमित नहीं रहता। सोनीपत में दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल कुलदीप और दुल्हन पक्ष के बीच हुआ विवाद अब और गहरा गया है। दुल्हन के पिता सुभाष ने ब्रेजा कार की बुकिंग से जुड़े दस्तावेज सामने रखे हैं, जबकि कुलदीप ने सभी आरोपों को गलत बताया है।

ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बारात लौटाने के आरोपों के बाद दिल्ली पुलिस ने कुलदीप को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, युवती पक्ष की शिकायत पर उसके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। सोनीपत पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
कार बुकिंग के सबूत
सुभाष के मुताबिक, उन्होंने 15 तारीख को मालवा से दूसरी कार बुक कराई थी और इसके लिए 25 हजार रुपये RTGS किए थे। 18 तारीख को उनसे ऑरा की जगह ब्रेजा खरीदने को कहा गया। इसके बाद नरेला के प्रेम मोटर शोरूम से सफेद रंग की ब्रेजा LXI CNG का 11,32,012 रुपये का कोटेशन लिया गया। शोरूम एग्जीक्यूटिव ने कार के फीचर्स का वीडियो भी भेजा था। गाड़ी मिलने में करीब 12 दिन लगने थे, इसलिए शादी तक उपलब्ध नहीं हो सकी।
सुभाष ने वाटिका में बारातियों को बंधक बनाने और पैसे मांगने के आरोपों से इनकार किया। उनका दावा है कि घटना के बाद उनकी बेटी मानसिक परेशानी में है और दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है। उन्होंने कुलदीप और उसके परिवार पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपों को बताया निराधार
वहीं, कुलदीप का कहना है कि उसने न ब्रेजा मांगी और न ही दहेज की मांग की। उसके मुताबिक, लड़की पक्ष ने करीब 30 बारातियों को वाटिका में बंद कर दिया था और पुलिस ने उन्हें बाहर निकलवाया। उसने अधूरी CCTV फुटेज दिखाने का आरोप भी लगाया। कुलदीप ने यह भी कहा कि उसे निलंबन की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है और वह फिलहाल मैरिज लीव पर है।
सोनीपत पुलिस ने FIR दर्ज कर दोनों पक्षों को अपने-अपने सबूतों के साथ जांच में शामिल होने के लिए कहा है। अब पुलिस की जांच से ही स्पष्ट होगा कि विवाद की असल वजह क्या थी।