गुरुग्राम | पार्क में टहलते समय, बाजार में खरीदारी करते हुए या बस स्टैंड पर खड़े होकर सिगरेट पीना अब हरियाणा के गुरुग्राम में महंगा पड़ सकता है। शहर को साफ और धुएं से मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। बता दें कि नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने निगम क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को तत्काल प्रभाव से ‘नो स्मोकिंग जोन’ घोषित कर दिया है। यहां खुले में धूम्रपान करने पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

नगर निगम के आदेश के मुताबिक, प्रतिबंध इन सार्वजनिक स्थानों पर लागू होगा। इन जगहों पर सिगरेट, बीड़ी, सिगार और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन प्रतिबंधित रहेगा। सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने पर भी कार्रवाई होगी।
यहां लागू होगा नियम
- बाजार, बस स्टॉप और बस स्टैंड
- सार्वजनिक परिवहन के साधन
- पार्क, ग्रीन बेल्ट और खेल के मैदान
- सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय और डिस्पेंसरी
- कार्यालय, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय
- पार्कों में बने शेड, गजिबो और अन्य ढके हुए स्थान
नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना
सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 21 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 और निगम के उपनियमों के तहत कार्रवाई होगी। किसी प्रतिष्ठान में बार-बार नियम तोड़े जाने पर हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।
15 दिनों में लगेंगे सूचना बोर्ड
निगम आयुक्त ने संयुक्त आयुक्तों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपने क्षेत्रों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी है। अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर नो स्मोकिंग जोन के सूचना बोर्ड लगाने होंगे। नगर निगम का कहना है कि इस पहल से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को धूम्रपान के धुएं से बचाने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।