मां के गीत सुनकर जागा गायकी का जुनून, हरियाणा की संध्या चौधरी को CM ने दिया 1 लाख का इनाम

पलवल | हरियाणा की मिट्टी में रागिनी और लोकगीतों की अपनी खास पहचान है। यहां कई कलाकार ऐसे हैं, जिन्होंने छोटे मंचों से शुरुआत करके अपनी मेहनत के दम पर अलग मुकाम हासिल किया है। ऐसी ही कहानी रागिनी गायिका संध्या चौधरी की है, जिन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक चुनौतियों के बीच अपनी गायकी का सफर जारी रखा। बता दें कि संध्या चौधरी बचपन में अपनी मां को रागिनी और गीत गाते हुए सुनती थीं।

Sandhya Chaudhary

यहीं से उनके मन में गायिका बनने का सपना जागा। स्कूल के कार्यक्रमों और गांव के जागरण में गाते-गाते उनका शौक जुनून में बदल गया। आज वह हरियाणवी रागिनी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

स्कूल से शुरू हुई गायकी

संध्या चौधरी मूल रूप से होडल के गांव अंधोप की रहने वाली हैं। उनकी शादी पलवल के गांव पृथला में हुई। उन्होंने बताया कि बचपन से ही स्कूल के कार्यक्रमों में हिस्सा लेती थीं। इसके बाद गांव के जागरण में गाने लगीं। उनके मायके और ससुराल दोनों परिवारों ने हमेशा उनका साथ दिया। संध्या के मुताबिक, रागिनी गायन केवल एक कलाकार का काम नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत होती है। उनके देवर नरेंद्र ने हर कदम पर साथ दिया। उन्होंने स्क्रिप्ट लिखने से लेकर लोकेशन तैयार करने तक की जिम्मेदारी संभाली।

दो बच्चों की मां होने के कारण शादी के बाद गायकी और परिवार के बीच तालमेल बैठाना आसान नहीं था। समाज की बातों और चुनौतियों के बावजूद मां, भाई और ससुराल पक्ष ने उनका हौसला बनाए रखा।

CM सैनी ने किया सम्मानित

हरियाणा दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में संध्या ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य कलाकारों के सामने रागिनी प्रस्तुत की। प्रस्तुति पसंद आने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 1 लाख रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संध्या की लोकप्रिय रागिनी ‘भोले रोम-रोम रे’ आज भी लोगों के बीच चर्चित है। रागिनी गायक नरेंद्र सिंह के अनुसार, संध्या दक्षिण हरियाणा की पहली ऐसी रागिनी गायिका हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र में सम्मानित किया है। गांव लौटने पर पलवल-होडल क्षेत्र की सरदारी ने भी उनका भव्य स्वागत किया।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.