गुरुग्राम | गर्मी हो या सर्दी, घर में रोजाना पानी की जरूरत पूरी होना बेहद जरूरी है लेकिन गुरुग्राम के सोहना के कई गांवों और शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों को अब तक पेयजल की परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने नई योजना तैयार की है। बता दें कि अमृत 2.0 योजना के तहत सोहना में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 102 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

विभाग की इस योजना को उच्चाधिकारियों से मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिन गांवों में बूस्टर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध होगी, वहां बूस्टर स्टेशन भी तैयार किए जाएंगे, ताकि घरों तक पानी आसानी से पहुंच सके।
हर घर तक पहुंचेगा पानी
इस योजना में नगर परिषद के 10 गांवों लोहटकी, सिरसका, बालूदा, लाखूवास, रामनगर की ढाणी, सांप की नंगली, रायसीना, धुनेला, खाईका और बेरका को शामिल किया गया है। यहां नई पेयजल पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी। जनस्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शहरी क्षेत्र के करीब 80 फीसदी घरों में पेयजल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध है। अब बाकी 20 फीसदी हिस्से को कवर करने की तैयारी है। इसमें अधिक ऊंचाई वाले मोहल्लों और नई बसाई गई कॉलोनियों को शामिल किया गया है। इन इलाकों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है।
2027 तक पूरा होगा काम
विभाग ने योजना को जल्द पूरा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे पूरा करने में करीब एक साल का समय लगने का अनुमान है। लक्ष्य है कि दिसंबर 2027 तक नगर परिषद क्षेत्र के हर घर तक नल से जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जनस्वास्थ्य विभाग सोहना के जेई खुर्शीद अहमद के अनुसार, योजना पूरी होने के बाद गांवों और शहर के बाकी इलाकों में पेयजल आपूर्ति की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।