झज्जर, Google Internship | किसी बड़े सपने को पूरा करने के लिए हमेशा महंगे संसाधनों की जरूरत नहीं होती। कई बार छोटी-सी जिज्ञासा और लगातार मेहनत भी जिंदगी बदल सकती है। हरियाणा के झज्जर के बहादुरगढ़ के करन छिल्लर की कहानी इसका उदाहरण है। कभी पुराने कंप्यूटर पर खेलते हुए शुरुआत करने वाले करन अब गूगल में काम करने जा रहे हैं। बता दें कि 20 वर्षीय करन छिल्लर न्यूटन स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी में तीसरे साल के छात्र हैं, जो ऋषिहुड यूनिवर्सिटी का हिस्सा है।

कोडिंग कॉन्टेस्ट के दौरान उनके पास फोन आया। कुछ मिनट बाद कमरे में लौटकर उन्होंने टीचर्स से कहा, “सर, गूगल में हो गया।” इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनकी सफलता का स्वागत किया।
शुरू हुई कोडिंग की रुचि
करन गूगल में साइट रिलायबिलिटी इंजीनियरिंग (SRE) इंटर्न के तौर पर काम शुरू करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करन के घर में विंडोज 7 वाला पुराना डेस्कटॉप था, जिसमें इंटरनेट भी नहीं था। बचपन में वे कीबोर्ड शॉर्टकट और कंप्यूटर के फीचर्स आजमाते रहते थे। कॉलेज में कई साथियों को पहले से कोडिंग आती थी, इसलिए उन्होंने डेटा स्ट्रक्चर और एल्गोरिदम पर मेहनत शुरू की। रोजाना सवाल हल करने का उनका सिलसिला 600 दिनों से ज्यादा चला।
खोला गूगल का रास्ता
मार्च के आसपास करन ने गूगल के बिग कोड कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया और दूसरे राउंड तक पहुंचे। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर जून में उन्हें सीधे इंटरव्यू का मौका मिला। चयन प्रक्रिया में दो तकनीकी इंटरव्यू और 15 मिनट का एआई आधारित राउंड शामिल था। करन के पिता दिल्ली परिवहन निगम में ड्राइवर हैं और मां गृहिणी हैं। उन्होंने इंटरव्यू की जानकारी परिवार को नहीं दी थी।
चयन होने पर मां बेहद खुश हुईं, जबकि पिता ने बधाई देते हुए पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी। करन पहले माइक्रोसॉफ्ट और स्ट्राइप में भी आवेदन कर चुके थे, लेकिन उनका रिज्यूमे शॉर्टलिस्ट नहीं हुआ था।