कोरोना वायरस संक्रमण काल में जहां परिवहन सेवाएं सामान्य गति से संचालित नहीं हो पा रही हैं. जिससे पहले की अपेक्षा सीमित बसें ही सेवाएं दे रही हैं. जिनके लिए भी बसों में पूरी सुरक्षा के साथ सीमित सवारियों को बैठाने के ही आदेश हैं. वहीं रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने महिलाओं को राखी पर पूरी सुरक्षा से अपने भाइयों तक पहुंचाने की कार्य योजना तैयार कर ली है. हालांकि प्रत्येक वर्ष हरियाणा सरकार राखी पर महिलाओं को अतिरिक्त बसें उपलब्ध करवाकर मुफ्त सवारी का लाभ देती है, इसलिए इस वर्ष भी सरकार ने इसके लिए नीति बना ली है.

वैसे तो कोविड-19 की गाइडलाइन के तहत एक बस में 30 से ज्यादा सवारियों को नहीं बैठाया जा सकता. जिससे सोशल डिस्टेनसिंग का हनन न हो. इसलिए हरियाणा परिवहन विभाग ने भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रत्येक बस में 30 सवारियों को बैठाने का निर्णय लिया है तथा प्रत्येक सवारी की थर्मल स्क्रीनिंग करने की व्यवस्था की है. साथ ही, सभी सवारियों का रिकॉर्ड भी दर्ज किया जाएगा. हालांकि कोरोना संक्रमण के अधिक फैलाव को देखते हुए मौसम का तापमान ज्यादा होने पर सफर की अनुमति नहीं होगी.
पानीपत रोडवेज डिपो के जीएम बालक राम ने बताया कि अभी मुख्यालय के आदेश का इंतजार किया जा रहा है तथा वो अपने स्तर पर तैयारी करने में लगे हैं. इसलिए पहले ट्रैफिक व ड्यूटी सेक्शन के स्टाफ के साथ मीटिंग करके तैयारियों की समीक्षा की जा रही है ताकि संचालन में कहीं कोई कोताही न हो. बाद में जैसे ही आदेश आएगा, राखी पर 3 दिनों के लिए बसों का संचालन सोशल डिस्टेनसिंग के साथ किया जाएगा.