अंबाला | रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रेलवे ने आधा दर्जन समर स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है. पहले ये ट्रेनें 1 अगस्त तक संचालित होनी थी, लेकिन अब इन्हें 16 अगस्त तक चलाया जाएगा. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा यह फैसला लिया गया है ताकि लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके.
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार झा ने बताया कि धनबाद से जम्मूतवी और चंडीगढ़ के बीच संचालित होने वाली 4 ट्रेनों और राजगीर से उधमपुर के बीच चलने वाली 2 ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है. टिकटों के लिए क्रिस सॉफ्टवेयर को भी अपडेट कर दिया गया है.
इन ट्रेनों का हुआ विस्तार
- ट्रेन नंबर 03309, धनबाद- जम्मूतवी एक्सप्रेस 12 अगस्त तक.
- ट्रेन नंबर 03310, जम्मूतवी- धनबाद 13 अगस्त तक.
- ट्रेन नंबर 03221, राजगीर- उधमपुर 11 अगस्त तक.
- ट्रेन नंबर 03222, उधमपुर- राजगीर 13 अगस्त तक.
- ट्रेन नंबर 03311, धनबाद- चंडीगढ़ 15 अगस्त तक.
- ट्रेन नंबर 03312 चंडीगढ़- धनबाद 17 अगस्त तक संचालित की जाएगी.
ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति
रेलवे की ओर से चलाई गई समर स्पेशल ट्रेनों में अभी काफी संख्या में कंफर्म सीटें खाली पड़ी हुई हैं. रेलवे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ट्रेन नंबर 03309 में 922 सीटें खाली पड़ी हुई हैं. इसी प्रकार ट्रेन नंबर 03310 में 46, 03311 में 608, 03312 में 869, 03221 में 822 व ट्रेन नंबर 03222 में 722 सीटें खाली पड़ी हुई हैं.
