अंबाला | हरियाणा के अंबाला में बन रहे नागरिक एयरपोर्ट से जल्द ही दो नए रूट्स पर हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. इनमें से एक रूट को लेकर एयरलाइन के साथ समझौता भी हो चुका है, जबकि दूसरे रूट की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है. प्रदेश के परिवहन, बिजली और श्रम मंत्री अनिल विज के प्रयासों से केंद्र सरकार और रक्षा मंत्रालय ने अंबाला एयरपोर्ट को मंजूरी दी थी. केंद्र सरकार (Central Govt) की ‘उड़ान’ योजना के तहत विकसित हो रहे अंबाला एयरपोर्ट के शुरू हो जाने से लोगों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी.
श्रीनगर और लखनऊ के लिए शुरू होगी उड़ान सेवा
इस एयरपोर्ट से अंबाला- श्रीनगर- अंबाला मार्ग पर हवाई सेवा के संचालन की जिम्मेदारी फ्लाईबिंग एयरलाइंस को सौंपी गई है. इसके अलावा, केंद्र सरकार ने ‘उड़ान- 4.2’ योजना के तहत अंबाला एयरपोर्ट के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की है. हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जानकारी दी कि उन्होंने हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को अंबाला एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं जल्द शुरू करने के बारे में पत्र लिखा था. इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने दो नए हवाई मार्गों की मंजूरी की जानकारी दी.
जल्द मिलेगी बीसीएएस सुरक्षा मंजूरी
मंत्री अनिल विज ने बताया कि बीसीएएस से एयरपोर्ट की सुरक्षा मंजूरी और दस्तावेजीकरण प्रक्रिया हरियाणा नागरिक उड्डयन विभाग में चल रही है. एयरपोर्ट के तैयार होते ही फ्लाईबिंग एयरलाइंस आरसीएस उड़ान का संचालन शुरू कर देगी. ‘उड़ान- 5.4’ योजना के तहत, अंबाला- लखनऊ- अंबाला रूट के लिए निविदाएं मांगी गई हैं. इस मार्ग पर जेटविंग्स एयरलाइंस ने प्रस्ताव दिया है, जिसका मूल्यांकन हो रहा है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एयरपोर्ट के संचालन और अन्य मामलों को प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग को मंजूरी के लिए भेजा है.
