अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले के 51 वर्षीय गिरीश शर्मा (Girish Sharma) माता वैष्णो देवी कटरा की पैदल यात्रा पर निकले हैं. आमतौर पर यह वह उम्र मानी जाती है, जब लोग तन और मन से थकावट महसूस करना शुरू कर देते हैं और ज्यादा समय घर पर ही बिताना पसंद करते हैं, लेकिन गिरीश शर्मा इनसे अलग हैं. अपने मन में सनातन धर्म के प्रति आस्था की लौ जलाए, वह लोगों को सनातन धर्म से जुड़ने की अपील करते हुए पैदल यात्रा कर रहे हैं.
सनातन धर्म से जोड़ना है मकसद
गिरीश शर्मा का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को सनातन धर्म से जोड़ना है. इसी कारण वह पैदल यात्रा पर निकले हैं. उन्होंने जानकारी दी कि वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा की पैदल यात्रा कर रहे हैं. 51 साल से ज्यादा उम्र होने के बावजूद वह माता रानी की भक्ति करते हुए इस कठिन यात्रा पर निकले हैं. उन्होंने बताया कि इस यात्रा को उन्होंने 14 तारीख को शुरू किया था और होली खेलकर घर से निकले थे. इस दौरान रास्ते में उन्हें कई तरह की परेशानियां आईं, लेकिन फिर भी वह यात्रा जारी रखे हुए हैं.
पहले भी कर चुके हैं माता वैष्णो देवी की यात्रा
गिरीश शर्मा इससे पहले भी माता वैष्णो देवी की यात्रा कर चुके हैं. उनका कहना है कि आज के समय में लोग विदेशी संस्कृति की तरफ बढ़ रहे हैं. वह चाहते हैं कि ऐसे लोगों को देश की संस्कृति के साथ जोड़ा जाए. इसीलिए वह लोगों को सनातन धर्म के बारे में जानकारी दे रहे हैं. उनका मानना है कि आज के समय में युवा अपने धर्म से अनभिज्ञ हैं. उन्हें धार्मिक यात्राएं करनी चाहिए ताकि वे अपने इतिहास के बारे में जान सकें.
