अंबाला | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में विदेशों और मुंबई की तर्ज पर अंबाला शहर में डबल डेकर बसें संचालित की जाएगी. ये बसें लोगों को शहीद स्मारक, साइंस सेंटर, बैंक स्क्वेयर, रानी का तालाब होते हुए सुभाष पार्क तक सुखद यात्रा का अनुभव कराएंगी.
परिवहन मंत्री ने दी जानकारी
हरियाणा सरकार में परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि जिस शहर में बाहर से पर्यटक आते हैं, वो तरक्की की नई ऊंचाइयों को छूते हैं. उन्होंने बताया कि अंबाला शहर और अंबाला कैंट में ओपन और डबल डेकर बसें चलाने की योजना है. इससे लोगों को शहर की खूबसूरती देखने का बेहतर अवसर मिलेगा.
अनिल विज ने बताया कि सुभाष पार्क आज अंबाला ही नहीं, बल्कि हरियाणा में टूरिस्ट स्पॉट बन चुका है, जिसे देखने के लिए रोजाना हजारों की संख्या में टूरिस्ट पहुंच रहे हैं. उन्होंने नगर परिषद् अधिकारियों को बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क में टॉय ट्रेन और हॉट एयर बैलून चलाने की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए ताकि पार्क में बच्चों व लोगों के मनोरंजन में और इजाफा हो सकें.
पार्क की सुंदरता बढ़ाने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि सुभाष पार्क में इस समय फूलों वाले पौधों की भरमार है, लेकिन इनकी संख्या में और इजाफा होना चाहिए ताकि पार्क की सुंदरता बढ़ाने में मदद मिल सके. ज्यादा संख्या में फूलों वाले पौधों से पार्क हर समय खिलता नजर आएगा. इसके साथ ही, उन्होंने सुभाष पार्क की झील को साफ रखने और मछलियां डालने के भी निर्देश दिए हैं.
