अंबाला | पहाड़ी राज्यों जम्मू व हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से पंजाब के कई जिलों में बाढ़ आ चुकी है. गांवों से लेकर खेतों तक पानी ही पानी नजर आ रहा है. लगातार हो रही बारिश से ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. अमृतसर की ओर आने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही है, जिसके चलते यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
रेलयात्रियों की बढ़ी परेशानी
पंजाब में बाढ़ और भारी बारिश के चलते ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला जारी है. अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. कल यानि रविवार और आज सोमवार को भी कई ट्रेनें 2 घंटे से 6 घंटे तक लेट चल रही है.
लेट चल रही ट्रेनों की सूची
अकाल तख्त एक्सप्रेस 30 मिनट, अमृतसर- दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ढाई घंटे, सचखंड एक्सप्रेस 4 घंटे, दुर्गानीया एक्सप्रेस 4 घंटे, अमृतसर- दिल्ली एक्सप्रेस 5 घंटे, हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस साढ़े 4 घंटे, जनसेवा एक्सप्रेस 4 घंटे, पठानकोट- दिल्ली एक्सप्रेस 2 घंटे, अमृतसर- कटिहार एक्सप्रेस 4 घंटे और पश्चिम एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से चल रहीं हैं.
सीनियर डीसीएम अंबाला नवीन झा ने बताया कि पंजाब में लगातार हो रही बारिश से हालात बेहद खराब बने हुए हैं, जिसके चलते कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही है. ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला जा रहा हैं, ताकि खराब मौसम में किसी भी अनहोनी से बचा जा सके. मौसम में सुधार होने पर ट्रेनों का संचालन पहले की तरह अपने निर्धारित समय से शुरू हो जाएगा. रेलयात्रियों से निवेदन है कि वे ट्रेन का स्टेटस चेक कर अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
