अंबाला | त्यौहारी सीजन पर रेलयात्रियों की सुविधा को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने फिरोजपुर कैंट रेल डिवीजन से साप्ताहिक त्यौहार स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त भीड़- भाड़ से छुटकारा मिलेगा और उनका सफर आरामदायक हो जाएगा. इनमें ट्रेन नंबर 05734/ 33, अप- डाउन की अमृतसर- किशनगंज- अमृतसर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 05733, अमृतसर से किशनगंज के बीच 4 अक्टूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी. यह ट्रेन अमृतसर से सुबह 04.25 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम साढ़े 5 बजे किशनगंज पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 05734, किशनगंज से अमृतसर के लिए 2 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक वीरवार को संचालित होगी. यह ट्रेन किशनगंज से सुबह 09.10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12.10 बजे अमृतसर पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ब्यास, जालंधर शहर, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुज़फ्फरनगर, मेरठ सिटी, हापुड़, खुर्जा, अलीगढ़, इटावा, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बाराबंकी, गौंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगुसराय, खगड़िया, मानसी, नौगछिया, कटिहार, बारसोई स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
अमृतसर- जयनगर स्पेशल ट्रेन
इसके अलावा अमृतसर- जयनगर स्पेशल ट्रेन (04652/ 51) त्रि- साप्ताहिक क्लोन स्पेशल को 21 सितंबर से 30 नवंबर तक अतिरिक्त 6 स्टेशनों पर 2- 2 मिनट का अस्थायी ठहराव देने का फैसला लिया गया है. यह ठहराव जालंधर कैंट, लुधियाना, फेफना, बलिया, सहतवार और बकुल्हा रेलवे स्टेशनों पर रहेगा. ट्रेन नंबर 04652, अमृतसर- जयनगर का ठहराव 21 सितंबर से और ट्रेन नंबर 04651, जयनगर- अमृतसर का ठहराव 23 सितंबर से शुरू होगा.
