अंबाला | 22 सितंबर यानि आज से नवरात्र की शुरुआत हो रही है. इससे पहले ही फलों के दाम आसमान छूने लगे हैं, जिसका सीधा असर व्रत रखने वालों की जेब पर पड़ेगा. माना जा रहा है कि नवरात्र के दिनों में फलों की कीमतों में और ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है. व्रत रखने वालों को फल खरीदने के लिए अपनी जेब को और ज्यादा ढीला करना होगा.
फलों के दामों में 20% से 50% की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इसका सीधा कारण दिल्ली से आने वाले होलसेल रेट को बताया जा रहा है. वहां से जो होलसेल रेट मिल रहे हैं, उसे देखते हुए ही रिटेल में फलों की बिक्री करने वालों ने कीमतों में बढ़ोतरी की हुई हैं. सब्जी मंडी में फल विक्रेता ने कहा कि अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है कि फलों की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी होगी.
कीमतों में बढ़ोतरी की वजह
उन्होंने बताया कि फल मंडी ओपन मार्केट के हिसाब से चलती है. दाम फलों की उपलब्धता, डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करती है. जैसे ही मांग बढ़ेगी तो कीमतों में बढ़ोतरी होना लाजिमी है. यदि मांग ज्यादा है और पीछे से सप्लाई कम हो रही है, तो भी कीमतों में बढ़ोतरी होगी. त्यौहारी सीजन पर अक्सर यहीं स्थिति रहती है. होलसेल में ही ऊंची कीमतों पर फल मिलता है, तो रिटेलर भी कीमतें बढ़ा देते हैं.
सेब- केला हुआ महंगा
जो केला अब तक 50 रुपए प्रति दर्जन बिक रहा था, उसकी कीमत बढ़कर 70- 80 रुपए प्रति दर्जन तक पहुंच चुकी है. 100 रुपए प्रति किलो बिक रही सेब का ताजा भाव 125 रुपए हो गया है. हाइब्रिड अमरूद 80 रुपए की जगह 100 रुपए प्रति किलो बिक रहा है. इसी तरह कीवी जो 30 रुपये प्रति पीस थी, वह 40 रुपये प्रति पीस कर दी गई है. नाशपाती 100 रुपए से बढ़कर 150 रुपए प्रति किलो बिक रही हैं. बब्बू गोशा भी 80 से बढ़कर 100 रुपए प्रति किलो हो गया है.
