अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ में सरपंच की शादी में पहुंचे गैंगस्टर वैकेंट गर्ग ने फायरिंग कर दी. बदमाश द्वारा चलाई गई एक गोली सरपंच के मामा के पेट में जा लगी. मामा को गंभीर हालत में जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बदमाश की पिटाई कर दी. सिर में चोट लगने के कारण उसे अंबाला सिटी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. नारायणगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नवनिर्वाचित सरपंच की थी शादी की रिसेप्शन पार्टी
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात अंबली रोड नारायणगढ़ स्थित राधे पैलेस में गांव संगरानी के नवनिर्वाचित सरपंच रमन की शादी की रिसेप्शन पार्टी थी. बदमाश वैकेंट गर्ग भी यहां आया था. वैकेंट गर्ग ने पहले तो डीजे वालों से झगड़ा किया और फिर 2-3 बार फायरिंग की. इनमें से एक गोली सरपंच के मामा रणबीर सिंह निवासी यमुना नगर जिले के टलाकौर निवासी रणबीर सिंह को पेट में गोली लगी. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया गया.
बदमाश की मौके पर ही पिटाई कर दी
उधर, पार्टी में मौजूद लोगों ने बदमाश वैकेंट गर्ग की पिटाई कर दी. पुलिस के मुताबिक, गर्ग के सिर में चोटें आई हैं. जिसके चलते उन्हें अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गर्ग के खिलाफ कई मामले दर्ज
नारायणगढ़ थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाश वैकेंट गर्ग के खिलाफ अंबाला व यमुनानगर में जानलेवा हमला, रंगदारी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और धारा 307 सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस मामले में हर एंगल से इस केस को देख रही है.
