अंबाला | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने सोमवार को नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए कई बड़े विकास कामों की घोषणा की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बागवानी की आधुनिक शिक्षा और शोध के बेहतरीन अवसर देने के लिए नारायणगढ़ में एक नया बागवानी कॉलेज स्थापित किया जाएगा. यह महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, करनाल से संबद्ध होगा.

उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड के तहत सड़कों की मरम्मत के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये देने का भी ऐलान किया. वहीं, नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि लगभग 45 गांवों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण हो चुका है. जल्दी ही बाकी गांवों में भी इसी प्रकार सुविधाएं प्रदान की जाएंगी.
खिलाडियों के लिए किया ऐलान
बड़ागढ़ स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ और हाई- मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि खिलाड़ी रात में भी अभ्यास कर सकेंगे. इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने नारायण तालाब के जीर्णोद्धार की योजना की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इसकी भौतिक जांच रिपोर्ट तैयार कर इसे हरियाणा तालाब प्राधिकरण को सौंपा जाएगा, ताकि तालाब की स्थिति सुधारी जा सके. उन्होंने पतरहेड़ी से शहजादपुर- नारायणगढ़ सड़क को चार लेन का बनाने के अलावा नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में PWD सड़कों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के लिए 10 करोड़ रुपये देने का भी ऐलान किया.
स्थापित की जाएगी चीन मील
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही नारायणगढ़ में सहकारी चीनी मिल स्थापित करने का ऐलान कर चुकी है. किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार इस मुद्दे पर काम कर रही है. इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति भी गठित की गई है. मुख्य सचिव द्वारा इस विषय में अब तक तीन बैठकें आयोजित हो चुकी हैं.
वर्तमान मिल को सहकारी चीनी मिल के रूप में स्थापित किया जाए या फिर एक नई सहकारी मिल का निर्माण किया जाए, इसका निर्णय लिया जाएगा. नारायणगढ़ और उसके आस- पास के किसानों को भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसलिए इस निर्णय को जल्द से जल्द लागू किया जाएगा.