अंबाला | 1 जून 2025 से हरियाणा की मंडियों में सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू हो रही है. किसान खेतों से सूरजमुखी की फसल लेकर मंडियों में पहुंचने लगे हैं. मंडी सचिव के अनुसार फसल की खरीद के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 1 जून से सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. किसानों को इस खरीद का लंबे समय से इंतजार था.
हैफेड द्वारा की जाएगी सरकारी खरीद
अंबाला कैंट की अनाज मंडी के सचिव नीरज भारद्वाज ने जानकारी दी कि 1 जून से हैफेड द्वारा सरकारी खरीद की शुरुआत की जाएगी. जिन किसानों ने ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, उनके गेट पास 1 जून से जारी किए जाएंगे. किसानों के लिए मंडियों में सफाई, लाइट और भोजन की व्यवस्था की गई है. खाने के लिए अटल कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां किसान ₹10 प्रति प्लेट की दर से भोजन कर सकते हैं.
बारिश को देखते हुए किए गए विशेष इंतजाम
बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंडी में विशेष प्रबंध किए गए हैं. मंडी सचिव ने बताया कि जिन आढ़तियों के पास किसानों की फसल आएगी, उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी. वर्तमान में मंडी में सूरजमुखी की फसल से काफी भीड़ है. किसान अपनी फसल मंडी में सुखाने के लिए ला रहे हैं और शाम को सुखाकर घर वापस ले जा रहे हैं.
