हैप्पी कार्ड ने किया अनहैप्पी: 6 महीने से कार्यालयों के चक्कर काट रहे अंबाला के लोग, नहीं मिल रहा फ्री बस यात्रा का लाभ

अंबाला | हरियाणा सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई थी. इसके लिए पात्र लोगों के लिए ‘हैप्पी कार्ड’ बनवाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी. बीते 6 महीने से नए हैप्पी कार्ड बनने की प्रक्रिया पूरी तरह से रुकी पड़ी है, जिससे लोग काफी परेशान हैं. लोग लगातार कार्ड के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि उनके कार्ड कब मिलेंगे.

Haryana Roadways Bus

नहीं मिल रहा समाधान

अंबाला सिटी और अंबाला कैंट स्थित रोडवेज कार्यालयों में लोग बार-बार चक्कर काटने को मजबूर हैं. विभाग की ओर से उन्हें सिर्फ यह जवाब दिया जा रहा है कि जल्द ही मुख्यालय से कार्ड आ जाएंगे. ऐसे में जिन लोगों को इस योजना का लाभ मिलना चाहिए था, वे अब तक इससे वंचित हैं. बता दें कि करीब डेढ़ साल पहले हरियाणा सरकार ने उन परिवारों के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की थी, जिनकी सालाना आय एक लाख रुपये तक थी. इस योजना के तहत, लाभार्थियों को ‘हैप्पी कार्ड’ जारी किए गए थे, जिससे वे 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा कर सकते थे.

महीनों से इंतजार कर रहे लोग

हैप्पी कार्ड की वैधता एक साल के लिए होती है, लेकिन नए कार्ड न बनने से लोग यात्रा सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं. अमरपुरी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने नवंबर 2024 में हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक कार्ड नहीं मिला है. वह 8 से 10 बार छावनी स्थित रोडवेज कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ इंतजार करने को कहा जाता है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts