अंबाला | त्यौहारी सीजन पर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे पर्व पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने मऊ जंक्शन से अंबाला कैंट तक त्यौहार स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 28 नवंबर तक संचालित होगी. इसके संचालन से अप्रवासियों के लिए त्यौहार पर घर की डगर आसान होगी.
यह रहेगा शेड्यूल
इस ट्रेन के संचालन में UP, दिल्ली व हरियाणा के यात्रियों के लिए त्यौहारी सीजन पर सफर करना आसान हो जाएगा. ट्रेन नंबर 05301, प्रत्येक वीरवार मऊ जंक्शन से सुबह 4 बजे रवाना होकर रात साढ़े 12 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 05302, प्रत्येक शुक्रवार अंबाला कैंट से रात 01.40 बजे रवाना होकर रात 10 बजे मऊ जंक्शन पर पहुंचेंगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बेल्थारा, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, बुढ़वाल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत, पानीपत, करनाल और कुरूक्षेत्र स्टेशन पर ठहराव करते हुए अंबाला कैंट का सफर तय करेगी.
दैनिक यात्रियों को भी फायदा
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि त्यौहारी सीजन पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए सीट मिलना काफी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों के लिए कन्फर्म सीट की संभावना रहेगी, जिससे उन्हें घर पहुंचने में आसानी होगी. वहीं, स्पेशल ट्रेन के संचालन का रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा.
