अंबाला मंडल के स्टेशनों पर मिलेगी JTBS सुविधा, यात्रियों को टिकटों की लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा

अंबाला | ट्रेन से सफर करने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि उत्तर रेलवे ने अंबाला मंडल के 32 रेलवे स्टेशनों के बाहर जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक (JTBS) की सुविधा देने का बड़ा फैसला लिया है. अंबाला मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों के आसपास इस सुविधा को शुरू किया जाएगा. इसके लिए विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण करेंगे.

Ambala Railway Station

इन यात्रियों को मिलेगा लाभ

JTBS सुविधा के तहत संबंधित व्यक्ति को कंप्यूटर सहित प्रिंटर रखना होगा, जबकि खाली टिकटों की सुविधा रेलवे की ओर से प्रदान की जाएगी. प्रत्येक टिकट के लिए संबंधित व्यक्ति को रेलवे द्वारा 2 रुपये का राजस्व दिया जाएगा. जनरल टिकट लेने वाले यात्रियों को ही इस सुविधा का लाभ मिलेगा. इस दौरान आरक्षित टिकट बुकिंग का अधिकार JTBS संचालक को नहीं होगा.

अंबाला मंडल ने इस संबंध में लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं. इस संबंध में विस्तृत जानकारी मंडल रेल कार्यालय सहित रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है. अंबाला रेल मंडल के अधीन आने वाले चंडीगढ़, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी, राजपुरा, सरहिंद, कालका, पटियाला, बठिंडा, ऊना हिमाचल, अबोहर, बराड़ा, अंबाला कैंट, धुरी, बरनाला, गीदड़बाहा, जगाधरी वर्कशॉप, मंडी गोबिंदगढ़, चंडी मंदिर, शिमला, कुराली, रोपड़ और नंगल डैम स्टेशनों पर इस सुविधा को शुरू किया जाएगा, जिसके बाद यात्रियों को टिकटों की लंबी लाइनों में खड़े होने से छुटकारा मिलेगा.

रेलयात्रियों को मिलेगी राहत

वर्तमान में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट केंद्र पर 8 काउंटर हैं. इनमें से 4 काउंटर ही खुले रहते हैं. ऐसे में भीड़- भाड़ के दौरान यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है. ऐसी स्थिति में यात्रियों का सामान चोरी होने की संभावना भी बढ़ जाती है. अब JTBS के खुलने से जनरल टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत पहुंचेगी. उन्हें टिकट लेने के लिए अनारक्षित टिकट केंद्र पर लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी. JTBS पर उन्हें बिना किसी देरी के टिकट मिल जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.