अंबाला | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश की जनता को सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर सिटी के बीच नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा. यह ट्रेन हरियाणा के कई स्टेशनों पर ठहराव करते हुए उदयपुर सिटी का सफर तय करेगी.
2 पर्यटन स्थलों का सीधा जुड़ाव
इस ट्रेन के संचालन से दो प्रमुख पर्यटन स्थल उदयपुर व चंडीगढ़ आपस में ट्रेन से सीधे रूप से जुड़ जाएंगे. यह ट्रेन हरियाणा में भी कई रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिसका सीधा फायदा चंडीगढ़ और उदयपुर समेत राजस्थान के कई अन्य शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों को मिलेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 20989, उदयपुर सिटी- चंडीगढ़ द्वि- साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस नई रेलसेवा 27 सितम्बर से उदयपुर सिटी से प्रत्येक बुधवार व शनिवार को 16.05 बजे रवाना होकर अगले दिन 09.50 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 20990, चंडीगढ़- उदयपुर सिटी द्वि- साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस नई रेलसेवा 28 सितम्बर से चंडीगढ़ से प्रत्येक गुरुवार व रविवार को 11.20 बजे रवाना होकर अगले दिन 05.25 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में राणा प्रताप नगर, मावली, कपासन, चंदेरिया, भीलवाड़ा, विजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ, अलवर, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, नरवाना, कैथल, कुरुक्षेत्र व अंबाला कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 पावर कार और 1 गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बें होंगे.
त्यौहारी सीजन पर तोहफा
इस ट्रेन के संचालन से मेवाड़ क्षेत्र और हरियाणा- पंजाब के बीच संपर्क और मजबूत होगा. खासकर उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी जो शिक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य और पर्यटन के लिए राजस्थान से चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ओर आवाजाही करते हैं. जयपुर, अजमेर और कुरुक्षेत्र जैसे प्रमुख शहरों से भी यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी.
