साइकिल नहीं अब मोटरसाइकिल पर डाक बांटेंगे डाकिए, बिना OTP नहीं मिलेगी चिठ्ठी

अंबाला | डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को और ज्यादा बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. प्राइवेट कोरियर कंपनियों को टक्कर देने के लिए अब डाक विभाग के कर्मचारी यानि डाकिया साईकिल पर नहीं, बल्कि मोटरसाइकिल पर डाक का वितरण करेगा. सुबह और शाम यानि 2 शिफ्टों में अब डाकिए डाक बांटने का काम करेंगे.

Post Office Master Bike Dakiya

पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरूआत

डाक विभाग में कर्मचारियों की संख्या में कमी और कोरियर कंपनियों के लगातार बढ़ रहे प्रभाव को देखते हुए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कई सेवाओं में और ज्यादा बेहतर करने के लिए इस तरह के बदलाव करने का फैसला लिया गया है. पहले चरण में NCR क्षेत्र में शामिल जिलों में सुबह- शाम डाक बांटने के काम की शुरुआत होगी क्योंकि यहां पर अन्य जिलों की तुलना में ज्यादा डाक आती है.

डाक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कोरियर कंपनियों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए डाक विभाग को आधुनिक बनाने के लिए धरातल पर काम शुरू कर दिया गया है. डाकिया दिन में ज्यादा से ज्यादा डाक बांट सकें और वह जल्दी घरों तक पहुंच सकें, इसके लिए सबसे बड़ा कदम साईकिल छोड़कर अब मोटरसाइकिल पर डाक बांटी जाएगी.

किलोमीटर के हिसाब से भुगतान

मोटरसाइकिल पर डाक बांटने पर डाकिए को प्रति किलोमीटर 3.86 रुपए का भुगतान किया जाएगा. वह मोटरसाइकिल पर ही अपनी ड्यूटी करेंगे, लेकिन भविष्य में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन देने की योजना बनाई गई है. इस कदम से डाक विभाग में कर्मचारियों की कमी का जो सेवाओं पर असर पड़ रहा है, वह मोटरसाइकिल पर डाक बांटने से कम हो जाएगा. इससे डाक वितरण में लेट- लतीफी से छुटकारा मिलेगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में PG करने वाले डॉक्टरों के लिए खुशखबरी, बॉन्ड और ट्रांसफर से मिली राहत

पहले डाक जिले की कई लोकेशन पर भेज दी जाती थी, जिसके चलते भी लेटलतीफी सहित कई अन्य शिकायतें दर्ज हो रही थी, लेकिन अब पंचकूला, अंबाला कैंट, अंबाला शहर, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, गुरुग्राम आदि जिलों में आईडीसी प्रोजेक्ट के तहत डाक एक लोकेशन पर ही जाएगी और फिर यहां से डाकिए को बांटना शुरू करेंगे.

जिसका मोबाइल नंबर, उसी पर जाएगा OTP

अभी तक सिर्फ डाकिये को डाक रिसीव करवाने के बाद हस्ताक्षर करवाकर लाने होते थे. ऐसे में कई बार डाक पर जिसका पता होता था, परिवार के सदस्य को दे दी जाती थी. अब डाक बुक करवाते समय जिसका मोबाइल नंबर अंकित होगा, उसके मोबाइल फोन पर OTP जायेगा. इसके बाद ही, डाक सौंपी जाएगी. यदि व्यक्ति घर पर नहीं है, तो डाकिया फिर से आएगा लेकिन दूसरे व्यक्ति को डाक नही देगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.