अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले के आलू किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. बता दें कि अंबाला छावनी की मोहरा अनाज मंडी में आलू की खरीदारी शुरू हो चुकी है. अब किसान (Haryana Kisan News) अपनी उपज को बेचने के लिए पिपली, शाहाबाद और बाबैन जैसी अन्य दूर की मंडियों में जाने के लिए मजबूर नहीं होंगे. अब से पहले इन मंडियों की दूरी ज़्यादा होने के चलते किसानों को अपनी फसल बेचने में ज़्यादा समय लगता था. इस दौरान आने जाने का भी ज़्यादा खर्च उठाना पड़ता था.
आलू के व्यापार को मिली मंजूरी
अब मोहरा मंडी में खरीद शुरू होने से उनकी ये बड़ी परेशानी हल हो जाएगी. इस बारे में जानकारी देते हुए मोहरा मंडी के सचिव नीरज भारद्वाज ने कहा कि अनाज मंडी के आसपास के गांवों में बड़ी संख्या में किसान आलू की खेती करते हैं. किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने पिछले सप्ताह मोहरा मंडी में आलू के व्यापार की लिए सहमति दे दी है.
अब किसान अपनी फसल को स्थानीय मंडी में आसानी से बेच पाएंगे, इससे उनके समय और खर्च दोनों की बचत होगी. मंडी में आलू की खरीदारी शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को भी काफी फायदा मिलेगा.
