अंबाला | हरियाणा के अंबाला के परशुराम स्थित स्कूल की जमीन के मामले में अब मेयर द्वारा जांच के आदेश जारी किए गए हैं. इसके अलावा, अधिकारियों को इस मामले की जल्द जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. दरअसल, स्कूल की बेशकीमती जमीन को बिना पारदर्शिता के बेचने के मामले में मेयर कार्यालय में दो अलग- अलग शिकायत मिली थी.
मिली जानकारी के अनुसार, इसकी खरीद- फरोख्त के मामले में नगर निगम के नियमों के साथ रजिस्ट्रार ऑफ सोसाइटी के नियमों का भी उल्लंघन करने की जानकारियां सामने आई हैं.
शिकयतों में गंभीर आरोप
मेयर द्वारा जानकारी दी गई कि शिकायतकर्ता द्वारा आरोप लगाया गया कि यह सब काम करने के लिए इन प्लॉट्स की प्रॉपर्टी आईडी में भी छेड़छाड़ हुई है. इसमें नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हैं, जिसके चलते मेयर शैलजा संदीप सचदेवा ने इस मुद्दे को नगर निगम कमिश्नर को कार्रवाई के लिए भेज दिया है.
दोषियों पर होगी कार्रवाई
मेयर द्वारा इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं. नगर निगम के अधिकारियों की संलिप्तता पाए जाने या जमीन का सौदा होने में यदि किसी प्रकार का भ्रष्टाचार पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने के भी आदेश जारी किए गए हैं. मेयर द्वारा इस मामले में अधिकारियों की भूमिका भी स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं.
