अंबाला | हरियाणा के 380 राजकीय और निजी आईटीआई में नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (NCVT) ट्रेड में प्रशिक्षण ले रहे 40,000 विद्यार्थियों को बड़ा झटका लगा है. सरकार ने उनकी निशुल्क बस सेवा बंद करने का निर्णय लिया है. इसमें 20,000 छात्राएं भी शामिल हैं, जिन्हें प्रदेश सरकार 150 किलोमीटर तक मुफ्त बस पास सुविधा उपलब्ध करवा रही थी.
अब भरनी होगी बस पास की फीस
जुलाई 2024 से सरकार ने स्कूल और कॉलेज के छात्रों को भी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी थी, लेकिन अब NCVT ट्रेड में पढ़ने वाले ITI विद्यार्थियों के लिए यह सेवा समाप्त कर दी गई है. अब उनसे बस पास की फीस वसूली जाएगी. बता दें कि आईटीआई के कोर्स नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (NCVT) और स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (SCVT) के तहत आते हैं. हरियाणा में 194 सरकारी और 186 निजी आईटीआई में कुल 69,437 विद्यार्थी वर्तमान में अध्ययनरत हैं.
केवल SCVT विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
हरियाणा रोडवेज अंबाला के जीएम अश्वनी डोगरा ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार SCVT ट्रेड के विद्यार्थियों को ही मुफ्त बस पास की सुविधा मिलेगी. वहीं, NCVT के विद्यार्थियों को अब फीस भरनी होगी. राजकीय आईटीआई अंबाला की प्रिंसिपल गुरचरण कौर ने बताया कि उनके संस्थान में 330 छात्राएं NCVT के तहत प्रशिक्षण ले रही हैं, जिनका अब तक निशुल्क पास बनता था, लेकिन अब रोडवेज विभाग द्वारा उनसे फीस मांगी जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि NCVT केंद्र सरकार के तहत आता है, जबकि SCVT राज्य सरकार के अधीन है. इसलिए सिर्फ SCVT विद्यार्थियों को ही राज्य सरकार की मुफ्त बस सेवा का लाभ मिल सकेगा.
