अंबाला के स्नेक मैन ‘राजकुमार’ को सांप पकड़ने का है शौक, चुटकियों में कर लेते हैं काबू

अंबाला | अक्सर लोग सांप देखकर डर जाते हैं और वहां से भागना ही सही समझते हैं. अंबाला के आरके स्नेक मैन (राजकुमार) ऐसे शख्स हैं, जिन्हें सांप पकड़ने का शौक है. उन्होंने 8 साल पहले सांपों को पकड़ने का काम शुरू किया था. धीरे- धीरे उनका यह शौक लोगों के लिए मददगार बन गया. वह बताते हैं कि बचपन से ही उन्होंने सांप पकड़ना शुरू कर दिया था, लेकिन समय के साथ उन्होंने इस कला की सही जानकारी भी हासिल कर ली. अब वह अंबाला में सांपों का रेस्क्यू करते हैं.

Snake Man Ambala

इंसानों और सांपों की जान बचाने की ठानी

राजकुमार कहते हैं कि अधिकतर लोग सांप देखकर उसे मारने या भगाने की कोशिश करते हैं. इस दौरान कई बार इंसान को नुकसान हो जाता है और सांप की भी जान चली जाती है. इसी वजह से उनके मन में यह विचार आया कि सांपों को रेस्क्यू किया जाए, ताकि इंसान और सांप दोनों की जान बचाई जा सके.

जहरीले सांपों को भी करते हैं रेस्क्यू

बीते 8 सालों में राजकुमार हजारों सांपों को बचा चुके हैं. उन्होंने कोबरा जैसे जहरीले सांपों का भी सफल रेस्क्यू किया है. नॉर्मल प्रजाति के सांपों को वह हाथ से पकड़ लेते हैं, लेकिन जहरीले सांपों को पकड़ने के लिए ग्लव्स और स्नेक स्टिक का इस्तेमाल करते हैं. वह बताते हैं कि अंबाला से 50- 60 किलोमीटर दूर तक लोग उन्हें बुलाते हैं और वह घरों में जाकर सांपों को पकड़ते हैं. उनके इस सराहनीय काम की वजह से लोग उन्हें ‘स्नेक मैन’ के नाम से जानते हैं.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts