अंबाला | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में परिवहन मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने अपने गृह जिले अंबाला की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है. उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को अंबाला से मुलाना तक महिलाओं और लड़कियों के लिए अलग से स्पेशल बस संचालित करने के निर्देश दिए ताकि इनके सफर को आसान व सुरक्षित बनाया जा सके.
महिलाओं की संख्या ज्यादा
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला से बड़ी संख्या में लोग मुलाना यूनिवर्सिटी और उसके आसपास की औद्योगिक इकाइयों में काम करने के लिए जाते हैं. इनमें महिलाओं की संख्या भी काफी ज्यादा रहती है. इसलिए महिलाओं के लिए स्पेशल बस संचालित करने की मांग उठाई जा रही थी.
उन्होंने बताया कि मैंने महिलाओं की इस मांग को पूरा करने के उद्देश्य से इस रूट पर स्पेशल बस सेवा शुरू करने के निर्देश परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिए हैं. इस फैसले से न केवल महिलाएं, बल्कि उनके परिजनों में भी खुशी का माहौल बना हुआ है. अलग बस के चलने से उनकी महिलाओं के लिए सफर करना भीड़- भाड़ से दूर सुरक्षित हो सकेगा.
परिवार की चिंता खत्म
परिवहन मंत्री अनिल विज ने जैसे ही अंबाला से मुलाना रूट पर महिलाओं के लिए स्पेशल बस संचालित करने का आदेश दिया, वैसे ही महिलाओं और लड़कियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. महिलाओं ने कहा कि अब उन्हें खचाखच भरी भीड़ में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे. वहीं, स्पेशल महिलाओं के लिए बस सेवा शुरू होने पर सफर करना भी सुरक्षित हो जाएगा. इससे उनके परिजनों को भी चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
