अंबाला | साउथ इंडिया में स्थित मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर घूमने के इच्छुक लोगों के लिए IRCTC एक विशेष पैकेज लेकर आई है. आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्री ट्रेन में सफर के जरिए दक्षिण भारत के पर्यटन स्थलों पर विजिट कर सकेंगे. इस ट्रेन की टिकट बुकिंग IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है.
28 जुलाई से होगी शुरुआत
अंबाला रेलवे मंडल के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार ने बताया कि 28 जुलाई से शुरू होने वाली इस यात्रा की शुरुआत पठानकोट से होगी, जो 13 दिन और 12 रात चलेगी. वापसी में यह ट्रेन 9 अगस्त को पठानकोट पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन लोगों को दक्षिण भारत के प्रतिष्ठित मंदिरों और पवित्र स्थानों तिरूपति बालाजी मंदिर, रामेश्वरम धाम, मदुरई, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुनम आदि जगहों के दर्शन कराएगी.
यह रहेगा रूट
यह ट्रेन पठानकोट कैंट से रवाना होकर लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, हज़रत निज़ामुद्दीन, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर के रास्ते सफर करेगी. इस ट्रेन में यात्री अपनी मर्जी के हिसाब से कोच का चयन कर सकते हैं. इस ट्रेन में स्लीपर कोच में 640 सीटें, 70 सीट (3 एसी) और 50 सीटें (2 एसी) रखी गई है.
क्या रहेगा किराया?
नवीन कुमार ने बताया कि स्लीपर कोच में किराया 30,135 रुपए प्रति व्यक्ति, 3 एसी में 43,370 रुपए और 2 एसी में 57,470 रुपए रहेगा. इस पूरे पैकेज में ट्रेन टिकट के साथ 3 समय के भोजन की व्यवस्था रहेगी. इसके साथ ही, साइट पर होटल में ठहरने की व्यवस्था मिलेगी. बस या टैक्सी से दर्शन स्थल तक पहुंचने की सुविधा और ऑनबोर्ड टूर गाइड भी उपलब्ध कराया जाएगा.
