ऑटोमोबाइल डेस्क, RideAsia EV | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 18- 20 अप्रैल तक B2B मोड में ईवी एक्सपो का आयोजन हुआ, जहां एक ही छत के नीचे EV वाहनों, इनके चार्जिंग, बैटरी से जुड़े ढेरों विकल्प मौजूद रहें. इस एक्सपो में लीथियम की अनेक प्रकार की बैटरी देखने को मिली. बाइक चार्जर, राइडर सेफ्टी किट्स, टू व्हीलर, थ्री व्हीलर और सामान ढोने वाले ईवी के साथ- साथ ई- रिक्शा का सामान यहां आया हुआ था.
सड़क पर चलते- चलते होगी चार्ज
राइड एशिया ईवी एक्सपो में अनोखे फीचर्स के साथ आई याकूजा कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही थी. यह स्कूटी सड़क पर चलते- चलते चार्ज हो जाएगी. साथ ही, इसमें मोबाइल फोन से चालू व बंद करने का शानदार फीचर दिया गया है. ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम से बाइक फिसलेगी नहीं. चढ़ाई और ढलान पर यदि स्कूटी रोकी तो ये पीछे नहीं जाएगी.
दुर्घटना वाले स्थान पर चेतावनी अलार्म बजना, रिवर्स गियर, इंटेलिजेंट ब्रेकिंग, अनुकूलित माइलेज और सोलर चार्जिंग जैसे शानदार फीचर्स इसमें शामिल किए गए हैं. स्वदेशी ईवी स्कूटर बनाने वाली कंपनी याकूजा के फाउंडर दीपांशु ने बताया इसमें सोलर चार्जिंग सिस्टम होने की वजह से यह धूप में चलते हुए भी चार्ज होगा. प्रमोटर्स का दावा है कि ये 33 हजार की कीमत में अब तक की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक स्कूटी हैं.
हाईड्रोजन से चलने वाली साईकिल
एक्सपो में साइकिल राइडर्स के लिए तरह- तरह की इलेक्ट्रिक और सामान्य साईकिल देखने को मिली. इनके अलग- अलग तरह के टायर इन्हें बेहद खास बना रहे थे लेकिन हाईड्रोजन से चलने वाली साईकिल काफी सुर्खियां बटोर रही थी. सामान्य साईकिल की तरह दिखने वाली इस साईकिल में हाइड्रोजन फ्यूल सेल है. जब हाइड्रोजन और ऑक्सीजन इन कोशिकाओं में मिलते हैं, तो एक रासायनिक प्रतिक्रिया होती है, जिससे बिजली पैदा होती है. जो इलेक्ट्रिक मोटर को चलाती है. इससे साइकिल को गति मिलती है. इस प्रक्रिया में केवल पानी निकलता है.
दिव्यांगों के लिए बिना लाइसेंस वाली बाइक
दिल्ली में आयोजित इस एक्सपो में दिव्यांग लोगों के लिए एक अलग तरह से डिजाइन की गई बाईक थी, जिसे बिना लाईसेंस के सड़कों पर चलाया जा सकता है. बैट्री से चलने वाली इस बाईक की औसत रफ्तार 45 किलोमीटर प्रति घंटा है और इसके पिछले हिस्से में मुख्य टायर के दोनों ओर 2 और टायर लगे हैं, लेकिन ये दिव्यांगों की पिछली परंपरागत बाइक से अलग है, क्योंकि पीछे इसकी चौड़ाई कम है. इसकी कीमत 55 हजार रुपये है.
