भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले को नए साल पर बड़ी सौगात मिली है. यहां शहरों से लेकर गांवों तक समग्र विकास की योजनाएं बनाई गई है ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके. इसी कड़ी में जिला परिषद चेयरमैन अनीता मलिक ने वार्ड नंबर- 5 के गांवों में विकास कार्यों को हरी झंडी दिखाई.
भिवानी में होंगे विकास कार्य
वार्ड नंबर- 5 के अन्तर्गत आने वाले गांव सांगा और मानहेरू सहित करीब 1 दर्जन गांवों में पार्क, धर्मशाला, स्टेडियम व सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं की गई है. गांव सांगा और मानहेरू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान न केवल नए प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई बल्कि क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली दर्जनों योजनाओं का खाका भी पेश किया गया. जिला परिषद चेयरमैन अनीता मलिक के निर्देश पर जिला पार्षद दीपक सांगा ने वार्ड नंबर-5 में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया.
जिला परिषद चेयरमैन अनीता मलिक के नेतृत्व में वार्ड नंबर- 5 के अन्तर्गत आने वाले गांवों में विकास कार्यों के लिए गांव मानहेरू में पार्क निर्माण पर 25 लाख रुपए, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए, महाराणा प्रताप भवन गेट के लिए 5 लाख और दूधादारी धर्मशाला गेट के निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की धनराशि जारी की गई है.
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
गांव सांगा में स्टेडियम हॉल निर्माण के लिए 21 लाख रुपए और कश्मीरी धर्मशाला में शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की धनराशि जारी की गई है. नौरंगाबाद में धर्मशाला के निर्माण के लिए 21 लाख रुपए और गांव बडाला में जोहड़ की सफाई एवं खुदाई हेतु 21 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की गई है. चेयरमैन अनीता मलिक ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा.
