भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) भिवानी द्वारा कक्षा 12वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है. बोर्ड द्वारा जारी टॉप 10 स्टूडेंट्स की सूची में 3 स्टूडेंट्स भिवानी जिले से हैं. खास बात यह है कि इनमें से 2 स्टूडेंट्स हरियाणा के मूल निवासी नहीं है और वे यहां अपनी रिश्तेदारी में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं.
नमन का पांचवां स्थान
नमन वर्मा ने कक्षा 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 493 अंक हासिल कर 5वां स्थान हासिल किया है. नमन कक्षा तीसरी से ही अपने मामा के घर तोशाम रहकर पढ़ाई कर रहा है. फिलहाल, वह IIT की तैयारी कर रहा है. नमन का सपना IIT में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का हैं. नमन की मौसी ने बताया कि वह प्रतिदिन 10 घंटे तक पढ़ाई करता था और इसी का नतीजा है कि उसने कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है.
बिजली मिस्त्री की बेटी ने किया कमाल
आज जारी किए गए कक्षा 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में भिवानी जिले के गांव इंदीवाली की बेटी अपसाना ने कॉमर्स स्ट्रीम में 493 अंक हासिल कर हरियाणा में आठवां स्थान हासिल किया है. बिजली मिस्त्री की बेटी अपसाना ने अपने रिजल्ट पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य CA बनना है और इसके लिए उन्होंने अभी से कड़ी मेहनत करना शुरू कर दिया है.
अपसाना ने बताया कि वह इंग्लिश विषय में थोड़ा कमजोर थी, लेकिन उसने इसपर थोड़ी और ज्यादा मेहनत की और अच्छे अंक प्राप्त किए. उसने स्कूल के अलावा घर पर भी रोजाना 5- 6 घंटे तक पढ़ाई की. उन्होंने पढ़ाई के दौरान रटने की बजाय समझने पर ध्यान दिया, जिसकी बदौलत उन्हें अच्छे अंक हासिल करने में सफलता मिली है.
किसान की बेटी का 9वां नंबर
राजस्थान के चुरू जिला के गांव इंदासर निवासी वंदना ने कॉमर्स स्ट्रीम में 492 अंक हासिल कर हरियाणा बोर्ड भिवानी के कक्षा 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 9वां स्थान हासिल किया है. वो अपने मामा के घर भिवानी जिले के गांव मतानी में रहती हैं. वंदना ने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे पूरे परिवार का सहयोग रहा है और अब उनका सपना CA बनने का हैं. इसके लिए रोजाना वह 12 घंटे तक पढ़ाई करती थी. उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले स्कूल में भी अच्छी तैयारी करवाई गई. कई बार प्री- एग्जाम लिए.
