भिवानी | विदेशी सरजमीं से हरियाणा के लिए गौरवमई खबर सामने आई है. भिवानी जिले की बेटी डॉ. विभा भारद्वाज ने इंटरनेशनल संसद की उपप्रधान बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि पर भिवानी जिले में खुशी का माहौल बना हुआ है.
बेटी की उपलब्धि पर खुशी का माहौल
डॉ. विभा भारद्वाज के पिता कांग्रेस नेता वेद पुजारी ने कहा कि मुझे अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है. आज मेरी बेटी देश की बेटियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गई है. उन्होंने कहा कि डॉ. विभा ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ के नारे को साकार कर दिखाया है. बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय संसद के 108 देश सदस्य हैं.
कांग्रेस नेता वेद पुजारी ने कहा कि आधुनिकता के इस युग में आज लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है. हमें बेटा- बेटी के भेदभाव को समाप्त कर एक अच्छे समाज की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करनी होगी. आज बेटियों का अच्छे से पालन- पोषण कर उन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है.
विधायक करेंगे सम्मानित
डॉ. विभा भारद्वाज की इस उपलब्धि पर सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा 14 दिसंबर यानि कल सुबह 11 बजे कीर्ति नगर स्थित सांस्कृतिक सदन में अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें भिवानी से बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे.
