भिवानी | हरियाणा में किसानों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि खेती को जोखिम से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए पोर्टल खोल दिया गया है और 31 दिसंबर तक किसान इस पोर्टल पर अपनी रबी सीजन की फसलों का बीमा करवा सकेंगे.

यह रहेगा शेड्यूल
उप कृषि निदेशक विनोद फोगाट ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान 24 दिसंबर तक बैंक में जाकर घोषणापत्र सुनिश्चित करें वरना बैंक द्वारा उनकी फसलों का बीमा कर दिया जाएगा. जिन किसानों को अपनी फसल तब्दील करवानी है, वह 29 दिसंबर तक संबंधित ऋणी बैंक में जाकर इस काम को पूरा करें. 31 दिसंबर तक किसानों के बीमा संबंधी दस्तावेज पूरे कर लें.
उन्होंने बताया कि ऋणी किसान अपने संबंधित बैंक में जाकर अपनी फसलों का सही- सही ब्योरा दर्ज करवाएं व अऋणी किसान सीएससी सेंटर या बैंक के माध्यम से सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं. सरकार की ओर से भिवानी जिले के लिए रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कम्पनी को फसलों के बीमे के लिए अधिसूचित किया गया है.
यह रहेगी प्रीमियम राशि
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन की 5 फसलों गेहूं, सरसों, जौ, चना व सूरजमुखी का बीमा करवाया जाता है. गेहूं के लिए प्रति हेक्टेयर बीमा प्रीमियम राशि 1205.52 रुपए, सरसों के लिए 809.13 रुपए, जौ के लिए 768.27 रुपए, चना के लिए 592.55 रुपए और सूरजमुखी के लिए 817.31 रुपए प्रति हेक्टेयर का भुगतान करना होगा. वहीं, गेहूं के लिए बीमित राशि 80368 रुपए, सरसों की 83942 रुपए, जौ की 51218 रुपए, चना की 39503 रुपए व सूरजमुखी की 54487 रुपए मिलती है.