खेल मैदान से आई बड़ी खुशखबरी, भिवानी की 3 मुक्केबाज बेटियों ने गोल्ड सहित जीते तीन पदक

भिवानी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. इंग्लैंड में आयोजित हुई वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रदेश के भिवानी जिले की 3 मुक्केबाज बेटियों ने अपने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. 57 किलोग्राम भारवर्ग में जैस्मिन लेमबोरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदुस्तान की झोली में स्वर्ण पदक डाला.

जैस्मिन ने जीता गोल्ड मेडल

भिवानी की महिला मुक्केबाज जैस्मिन ने वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पौलेंड की खिलाड़ी जूलिया को 4-1 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. उनकी इस जीत पर परिवार में खुशियों का माहौल बना हुआ है. इससे पहले भी जैस्मिन कई इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पदक जीतकर न केवल भिवानी, बल्कि हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन कर चुकी हैं. उन्होंने 2021 एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक और 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था.

नूपुर ने जीता सिल्वर मेडल

इंग्लैंड में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भिवानी की ही नूपुर श्योराण ने 80 किलोग्राम भारवर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए सिल्वर मेडल जीता. सेमीफाइनल मुकाबले तक दमदार खेल का प्रदर्शन करने वाली नूपुर को गोल्ड मेडल के लिए खेले गए फाइनल मैच में पौलेंड की मुक्केबाज के हाथों हार का सामना करना पड़ा. सिल्वर मेडल जीतने पर उनके घर पर खुशियां छाई हुई है और हर कोई परिजनों को बधाई देते हुए बेटी नूपुर के उज्जवल भविष्य की कामना कर रहा है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के इस खेल स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर, आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल व सिंथेटिक ट्रैक की मिलेगी सुविधा

पूजा बोहरा ने जीता कांस्य पदक

80 किलोग्राम भारवर्ग में ही भिवानी की पूजा बोहरा ने वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर दिया है. उनके पदक जीतने पर परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटी ने हमारा गौरव बढ़ाया है. हमें उनकी उपलब्धि पर गर्व है. 2009 में बॉक्सिंग की शुरुआत करने वाली पूजा बोहरा आठ बार सीनियर चैंपियन, 2 बार एशियन चैंपियन और एशियन गेम्स में पदक जीत चुकी है. 2020 के ओलंपिक खेलों में उन्होंने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.