भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू से जनस्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां दो महीने पहले ही तत्कालीन वित्त मंत्री जेपी दलाल (JP Dalal) के प्रयासों से शहर में विशेष तकनीक से मास्टिक लेयर चढ़ाकर सड़कों का सौंदर्यीकरण करवाया गया था. इस काम पर सवा करोड़ रूपए की धनराशि खर्च हुई थी.
सड़कों के सौंदर्यीकरण का काम शुरू करने से पहले मंत्री जेपी दलाल ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यदि किसी भी विभाग को पाइपलाइन बिछाने का काम करना है तो अभी कर ले. बाद में सड़कों को नहीं उखाड़ने दिया जाएगा, लेकिन अब दो महीने बाद ही पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को उखाड़ा जा रहा है, जिससे लोगों में भारी रोष बना हुआ है.
बता दें कि लोहारू शहर की चार प्रमुख सड़कें देवीलाल चौक से रामलीला ग्राउंड तक, रामलीला ग्राउंड से शहीद भगत सिंह चौक, शहीद भगत सिंह चौक से मंडी गेट और मंडी गेट से शास्त्री पार्क तक काफी खस्ता हालत में पहुंच चुकी थी. सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई पड़ रहे थे, जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा थी और बरसात के मौसम में तो यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती थी.
जेपी दलाल ने किया था समाधान
शहर की इस समस्या के समुचित समाधान को लेकर शहर के लोगों ने अगस्त महीने में जेपी दलाल से मुलाकात की थी. उन्होंने लोगों की समस्या पर संज्ञान लेते हुए इन सड़कों को नई तकनीक मास्टिक लेयर से बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब 2 महीने बाद ही जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा रातोंरात सड़क उखाड़ दिए जाने से लोगों में रोष बना हुआ है.
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन चुप्पी साधे हुए हैं. जनस्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को लेकर शहर के लोगों के बीच चर्चा चल रही है कि आखिर प्रशासन इस तरह की लापरवाही को अंजाम देकर लोगों को फिर से परेशानी में डालने का काम कैसे कर सकता है.
