भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले के निवासियों को अब इलाज के लिए दूसरे जिले की तरफ नहीं भागना होगा. जी हां, भिवानी में ही अब आपको सारी मेडिकल सुविधाएं मिलने वाली है. बता दें कि जिले में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो गया है. जुलाई महीने में मेडिकल कॉलेज के शुरू होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा और यही उनके अपने शहर में उनका इलाज हो सकेगा.
मिलेगी सारी मेडिकल सुविधा
इससे पहले भिवानी के लोगों को हिसार या रोहतक जाना पड़ता था. जिले के निवासियों की तरफ से लगातार मेडिकल कॉलेज की मांग उठाई जा रही थी. मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी होने से भिवानी के लोगों को अच्छी सुविधा मिलेगी. इसके निर्माण के बाद अब भिवानी के निवासियों को स्वास्थ्य से संबंधित पर समस्याओं के लिए किसी दूसरे शहर नहीं जाना होगा, उन्हें अपने शहर में ही सारी सुविधाएं मिल जाएंगी.
नए शिक्षा सत्र से शुरू होगी एडमिशन और पढ़ाई
भिवानी मेडिकल कॉलेज का ऐलान 12 साल पहले किया गया था. इसका नाम पंडित नेकीराम मेडिकल कॉलेज रखा गया है. कॉलेज में नए शिक्षा सत्र से प्रवेश और पढ़ाई शुरू हो सकती है. इसके लिए कुछ सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति भी हो चुकी है. जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों के आने की उम्मीद जताई जा रही है. इससे जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधा में इजाफा होगा. वर्तमान में मेडिकल भवन बन कर तैयार हो चुका है. इसमें बिजली और पानी कनेक्शन का काम 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है. इंटरनेट नेटवर्किंग का काम भी जारी है.
अनुमति के लिए सरकार को भेजा गया लेटर
इसे लेकर भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने कहा कि “कॉलेज की अनुमति के लिए सरकार को पत्र भेजा जा चुका है. आशा है कि जल्द अनुमति मिल जाएगी. इस जुलाई तक ये शुरू भी हो जाएगा. इस साल यहां मेडिकल कॉलेज में कक्षा लगने की भी संभावना है. इस कॉलेज के साथ- साथ भिवानी के बवानीखेड़ा में उपमंडल हॉस्पिटल में भी सुविधा ज्यादा होंगी. इसके लिए सरकार को अनुमति के लिए पत्र भेज दिया गया है. जल्द ही, यहां 50 से 100 बेड का हॉस्पिटल होगा. जिले के कई पीएचसी हॉस्पिटल भी फिर से बनाए जाएंगे, ताकि बिल्डिंग अच्छी हो सके.”
