भिवानी | हरियाणा के भिवानी शहर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां लोगों को बहुत जल्द दिनोद रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिलने जा रही है. इस रेलवे ओवरब्रिज निर्माण से एक दर्जन से ज्यादा कालोनियों के 50 हजार से ज्यादा लोगों का उस पार जाने का रास्ता साफ हो जाएगा.
हरियाणा दिवस पर उद्घाटन
शहर के सबसे छोटे 600 मीटर लंबे दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य करीब 5 साल पहले शुरू हुआ था, जो अब पूरा हुआ है. अब यहां अगले 10 दिन बाद कारपेट (तारकोल की अंतिम लेयर) डालने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी. इस रेलवे ओवरब्रिज का औपचारिक रूप से उद्घाटन 1 नवंबर यानि हरियाणा दिवस पर किया जाएगा.
कई अड़चनों से निर्माण कार्य में देरी
अक्टूबर 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रेवाड़ी- भठिंडा रेल मार्ग पर एलसी- 52 दिनोद रोड कृष्णा कॉलोनी फाटक पर लाइनपार क्षेत्रवासियों के लिए रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की घोषणा की थी. कभी सीवर और पानी की लाइनों को शिफ्ट किए जाने तो कभी अवैध निर्माण को तोड़ने जैसी अड़चनें इस पुल के निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने में रूकावटें बनी. अब कृष्णा कॉलोनी छोर से लेकर लाइनपार दुर्गा कॉलोनी तक रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा हो चुका है.
इन कालोनियों को फायदा
दिनोद रोड कृष्णा कॉलोनी फाटक पर बना ये रेलवे ओवरब्रिज एक दर्जन से ज्यादा कालोनियों के 50 हजार से ज्यादा आबादी के लिए रामसेतु का काम करेगा. शहर के वार्ड नंबर 17 से 22 तक पांच वार्डों की शहरी आबादी का ये मुख्य रास्ता भी है. इसी तरह तोशाम क्षेत्र के 17 गांवों के लिए भी ये सबसे छोटा और सुगम रास्ता है. पुल निर्माण से दुर्गा कॉलोनी, जीतुवाला जोहड़, शास्त्री नगर, बृजवासी कॉलोनी, संजीव कॉलोनी, ब्रह्मा कॉलोनी, जय सिंह भट्ठा कॉलोनी, न्यू उत्तम नगर, सेवा नगर, एमसी कॉलोनी, काठपालिया कॉलोनी, डाबर कॉलोनी, चारामंडी क्षेत्र में शहर से चंद मिनटों में सफर तय किया जा सकेगा.
इसी तरह गांव दिनोद, कुहाड़, बजीना, ढाणी माहू, ढाणी बीरण सहित करीब 17 गांवों के लोगों के लिए भी इस रेलवे ओवरब्रिज के माध्यम से शहर की डगर आसान हो जाएगी.
