भिवानी | हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के आयोजन को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के चेयरमैन पवन कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर HTET परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा. संभावित तिथि 17-18 जनवरी हैं, जिसका प्रपोजल शिक्षा बोर्ड द्वारा भेजा गया है.
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इसके अलावा, पिछली बार हुई HTET 2024 परीक्षा से सबक लेते हुए इस बार टेंडर पब्लिक सेक्टर यूनिट को दिया गया है जो CCTV कैमरे, बायोमैट्रिक, वीडियोग्राफी व फ्रिस्किंग जैसी सेवाएं उपलब्ध कराएगा.
एक सप्ताह में फाइनल होगी तारीख
बोर्ड चैयरमेन ने बताया कि निदेशालय को संभावित तिथियां 17-18 जनवरी भेजी गई है. इससे पहले आवेदन फॉर्म लेना, विभिन्न एजेंसियों का चयन करना आदि कार्य पूरे कर लिए गए हैं. उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर तारीखें फाइनल हो जाएगी. 4 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. वहीं, करेक्शन के लिए एक दिन का समय दिया गया है. जब तक अभ्यर्थी इस प्रकिया से गुजरेंगे, तब तक हर हाल में शेड्यूल निर्धारित कर दिया जाएगा.
पिछले HTET का रिजल्ट घोषित होने में हुई देरी पर उन्होंने कहा कि इसलिए ही PSU का चयन किया गया है. उनके सामने इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया हैं कि ज्यादा से ज्यादा 3 सप्ताह में बायोमैट्रिक कार्य को पूरा कर देंगे. वहीं, जितना जल्दी हो सकेगा, रिजल्ट घोषित किया जाएगा. यानि 1 सप्ताह में परिणाम जारी कर दिया जाएगा. पिछली परीक्षा के आयोजन के दौरान जो कमियां आई थी, उनमें सुधार करते हुए इस बार परीक्षा के सफल आयोजन के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
