हरियाणा के इस अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को खुशखबरी, बेड पर मुफ्त मिलेगा तीनों टाइम का खाना

भिवानी | हरियाणा के भिवानी स्थित चौधरी बंसीलाल अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां मरीजों को तीनों पहर का भोजन न केवल बेड पर बल्कि पूरी तरह से मुफ्त मिलेगा. भिवानी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ ने रविवार को नारियल फोड़कर इस मुफ्त भोजन व्यवस्था का शुभारंभ किया.

MPNews 38

हरियाणा में मरीजों के लिए खुशखबरी

चौधरी बंसीलाल सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों को अब सुबह का ब्रेकफास्ट, दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन उनके बेड पर ही बिल्कुल मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा. महाराजा अग्रसेन सेवा समिति भिवानी की ओर से इस सुविधा को मरीजों के लिए शुरू किया गया है.

महाराजा अग्रसेन सेवा समिति के कार्यकारिणी सदस्य अमित बंसल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यही है कि कोई मरीज भूखा न रहे और भोजन सबके लिए जीवनदान बन सके. पहले यहां मरीजों को केवल सुबह का ब्रेकफास्ट दिया जाता था, लेकिन अब तीनों पहर इस फ्री सेवा को उपलब्ध कराया जाएगा.

पूरी तरह से पौष्टिक होगा आहार

यहां मरीजों को दिए जाने वाला भोजन सिविल अस्पताल की रसोई में वहां के कुक द्वारा डाक्टरों द्वारा बताए गए डाइट प्लान के आधार पर तैयार किया जाता है जो सात्विक और पूरी तरह से पौष्टिक होगा. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने इस अवसर पर कहा कि इलाज के लिए दूरदराज इलाकों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए शुद्ध भोजन का प्रबंध करना एक बड़ी चुनौती होती है, लेकिन महाराजा अग्रसेन सेवा समिति ने इस पुण्य पहल की शुरुआत कर बड़ी राहत प्रदान की है.

इस सेवा से न केवल मरीजों की शारीरिक शक्ति बढ़ेगी बल्कि उनका बाहर ढाबे- होटल पर होने वाले भारी भरकम खर्च से भी छुटकारा मिलेगा. उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा इस नेक पहल में समिति का हर संभव सहयोग किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.