भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले की पूनम जाखड़ (Punam Jakhad) एयरफोर्स में पायलट के तौर पर चयनित हुई हैं. बता दें कि इससे पहले उन्होंने 6 बार पायलट के लिए लिखित परीक्षा दी और 4 बार इंटरव्यू में भाग लिया. अब की बार उनका फाइनल चयन हो चुका है. अबकी बार वह एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर नियुक्त हुई हैं. हिसार में वह NCC कैडेट भी रह चुकी हैं.
साल 2019 में झुंपा सिवानी के श्री कृष्ण प्रणामी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने नीमस यूनिवर्सिटी जयपुर से 2019- 22 में बीएससी की. उसके बाद, उन्होंने सिवानी आदर्श कॉलेज से B.Ed की डिग्री प्राप्त की.
परिवार की सैन्य विरासत से मिली प्रेरणा
मूल रूप से भिवानी के झुंपा सिवानी की रहने वाली पूनम के परदादा राम जाखड़ आजाद हिंद फौज के सिपाही रहे हैं. 1939 में वर्ल्ड वॉर के दौरान वह शहीद हो गए थे. उनके दादा दिलीप सिंह जाखड़ भी भारतीय सेवा में तैनात रहे थे. वर्तमान में उनके पिता पुलिस में SI के पद पर रोहतक की सुनारिया जेल में तैनात हैं. पूनम की मां सुनीता ग्रहणी हैं और छोटा भाई पारस कनाडा में रहता है.
पूनम ने जानकारी देते हुए बताया कि नौवीं कक्षा से ही उन्होंने ठान लिया था कि उन्हें एयरफोर्स में पायलट बनना है. इसके लिए उन्होंने 6 बार लिखित परीक्षा दी और चार बार इंटरव्यू भी दिए. लेकिन अब जाकर उनका फाइनल चयन हुआ है.
पूनम को मिलेगी डेढ़ साल की ट्रेनिंग
वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, स्कूल प्रिंसिपल सुनील शर्मा और NCC एएनओ विजय लक्ष्मी को देती हैं. पूनम ने जानकारी दी कि अब सिकंदराबाद एयरफोर्स अकादमी में उन्हें डेढ़ साल की ट्रेनिंग लेनी होगी. इसके लिए वह 28 जून को रवाना होंगी. मंगलवार को पूनम अपने परिवार सहित वन हरियाणा एयर एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन एस. श्रीनिवासन से मिलीं. उन्होंने पूनम को वायु सेवा में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में सफलता प्राप्त करने पर ढेरों शुभकामनाएं दीं.
