चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) के चार जिलों भिवानी, फतेहाबाद, करनाल और यमुनानगर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 54.22 करोड़ रुपये की लागत से 886 किलोमीटर लंबी 373 सड़कों का नवीनीकरण करने जा रही है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना को मंजूरी प्रदान की है. इस परियोजना से सड़क कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी.
11 सड़कों की मरम्मत
भिवानी जिले में 11 सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिनकी कुल लंबाई 47.7 किलोमीटर होगी. इस पर 8.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा, 18.6 किलोमीटर लंबाई की 4 सड़कों के सुधारीकरण पर 3.95 करोड़ रुपये की लागत आएगी. साथ ही, वार्षिक मरम्मत श्रेणी के अंतर्गत 265 किलोमीटर लंबी 94 सड़कों की मरम्मत के लिए 2.19 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
फतेहाबाद में विकास योजनाएं
फतेहाबाद जिले में 252 किलोमीटर लंबाई की 109 सड़कों की मरम्मत वार्षिक मरम्मत योजना के तहत की जाएगी, जिस पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त, 24.3 किलोमीटर लंबी 7 सड़कों के सुधार कार्य के लिए 12.65 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
करनाल में सड़क निर्माण
करनाल जिले में 14 सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिनकी कुल लंबाई 31.36 किलोमीटर होगी और इसके लिए 6.51 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है. साथ ही, 21.32 किलोमीटर लंबी 9 सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर 6.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
यमुनानगर में सड़क सुधार परियोजनाएं
यमुनानगर जिले में वार्षिक मरम्मत योजना के तहत, 185.49 किलोमीटर लंबाई की 112 सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिसमें 1.72 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसके अलावा, 12.83 किलोमीटर लंबाई की 6 सड़कों की मरम्मत के लिए 4.28 करोड़ रुपये और 14.39 किलोमीटर लंबी 7 सड़कों के नवीनीकरण के लिए 6.26 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है.
