भिवानी | हरियाणा से राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर और विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम जाने वालों को भारतीय रेलवे ने बड़ी सौगात प्रदान की है. बता दें कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए आज से जयपुर- भिवानी- जयपुर एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है. दोहरीकरण कार्य के चलते पिछले महीने इस ट्रेन को रद्द किया गया था लेकिन अब इस ट्रेन के दोबारा संचालन से यात्रियों को राहत पहुंचेगी.
जयपुर- भिवानी- जयपुर स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 09733, जयपुर- भिवानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 16 फरवरी से 28 फरवरी तक रोजाना जयपुर से सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 02.20 बजे भिवानी स्टेशन पर आगमन करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09734, भिवानी- जयपुर एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 16- 28 फरवरी तक भिवानी से शाम 04.05 बजे रवाना होकर रात 11.25 बजे जयपुर पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ढेहर का बालाजी, नींदर बैनाड, चौमू सामोद, गोविंदगढ़ मलिकपुर, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीम का थाना, मांवड़ा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, कोसली, झाड़ली और चरखी दादरी स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में 9 जनरल कोच और 2 गार्ड सहित कुल डिब्बों की संख्या 11 रहेगी. यह ट्रेन रींगस स्टेशन पर भी ठहराव करेगी जिसका सीधा फायदा खाटूश्याम श्रद्धालुओं को मिलेगा.
खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी
अमित सुदर्शन ने बताया कि खाटूश्याम धाम पर आयोजित वार्षिक फाल्गुनी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया गया है. ट्रेन नंबर 09633, रेवाड़ी- रींगस स्पेशल ट्रेन 20-28 फरवरी तक रेवाड़ी से रात 10.50 बजे रवाना होकर 01.45 बजे रींगस पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09634, रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 20- 28 फरवरी तक रींगस से रात 02.05 बजे रवाना होकर सुबह 05.10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अटेली, नारनौल, डाबला, नीम का थाना, कावंट व श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इसमें डेमू रैक के 16 डिब्बे होंगे.
उन्होंने बताया कि इसके अलावा ट्रेन नंबर 09637, रेवाड़ी- रींगस एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 20- 28 फरवरी तक रेवाड़ी से सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 02.20 बजे रींगस पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09638, रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन रींगस से दोपहर 02.55 बजे रवाना होकर शाम 06.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवड़ा, नीम का थाना, कावंट व श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में यात्रियों को 8 जनरल कोच की सुविधा मिलेगी.
