हरियाणा के इन गांवों को मिलेगा सोलर उपकरण लगाने पर 1 करोड़ का पुरस्कार, हर जिले में बनेगा आदर्श सोलर गांव

भिवानी | प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के तहत, 5000 से ज्यादा आबादी वाले गांव में सबसे ज्यादा सोलर पैनल लगवाने वाले गांव को केंद्र सरकार 1 करोड़ रुपए की राशि वितरित करेगी. इसी कड़ी में हरियाणा के 47 गांव का चयन किया गया है, जिनकी जनसंख्या 5000 से ज्यादा है. इन गांवों में सोलर उपकरणों को अपनाने की 6 महीने की प्रतिस्पर्धा 26 मई से शुरू हो गई है, जो 25 नवंबर तक चलेगी. इस दौरान जिस गांव का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहेगा उसे मॉडल सोलर ग्राम के रूप में चुना जाएगा.

Solar System

बनेगा आदर्श सोलर गांव

इस बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई है. इसका उद्देश्य देश के हर जिले में एक आदर्श सोलर गांव स्थापित करना है. साथ ही, 2011 की जनगणना के आधार पर जिन गांवों की आबादी 5,000 से अधिक है, वहां सबसे अधिक सोलर पैनल लगाए जाने पर 1 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी.

हरियाणा के 47 गांवों का हुआ चयन

इसी कड़ी में हरियाणा के बड़सी, बापोड़ा, कलिंगा, चांग, खरक कलां, देवसर, बलियाली, बड़वा, दिनोद, धनाना, बामला, तिगड़ाना, भिवानी जोन, बहल, कैरू, कुंगड़, लोहारी जाटू, जमालपुर, मुंढाल खुर्द, खानक, तालु, मानहेरू, मिताथल, पालुवास, मिरान, बडेसरा, पुर, जुई खुर्द, संडवा, सोहांसड़ा, लोहानी, रिवासा, सागवन, मंढाणा, कुड़ल, सैय, ढाणी माहू, किरावड़, देवराला, रतेरा, धारेडू, सिवाना, बजीणा, कोहाड़, खरक खुर्द, बीरण और सुई गांवों को चयनित किया गया है.

कम आय वाले परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता

ऐसे परिवार जिनकी सालाना आय 1.8 लाख रुपए से कम है और बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें 2 किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र सरकार द्वारा ₹60000 और प्रदेश सरकार द्वारा ₹50000 का अनुदान दिया जाएगा. ऐसे परिवारों को सरकार कुल ₹1.10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी. इसी कड़ी में ऐसे परिवार, जिनकी सालाना आय ₹3 लाख रुपए तक और बिजली की खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें केंद्र सरकार ₹60000 और राज्य सरकार ₹20000 का अनुदान देगी.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts