चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी नौकरी की बाट जोह रहे बेरोजगार युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार पिछले साल ग्रुप D पदों की भर्ती में खाली रह गए 4246 पदों को भरने की तैयारी में है. वहीं, ग्रुप C के 1281 विज्ञापित पदों को वापस लेकर दोबारा से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे.
CET परीक्षा का इंतजार होगा खत्म
प्रदेश में ग्रुप C व D पदों पर भर्ती प्रक्रिया हेतु कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के लिए अब हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) की ओर से किसी भी समय पोर्टल खोला जा सकता है.
बता दें कि HSSC ने मार्च, 2024 में ग्रुप C व D पदों की चयन सूची जारी की थी. इसके बाद अक्टूबर में HSSC ने बाकी बचे पदों के लिए चयन सूची जारी की तो ग्रुप D में चयनित कई उम्मीदवारों का ग्रुप C पदों के लिए चयन हो गया. ऐसे में उन्होंने ग्रुप D की नौकरी छोड़ दी. तभी से भर्ती के लिए इंतजार में बैठे युवा ग्रुप D के रिक्त पदों की मुख्य चयन सूची जारी करने की मांग कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी
अब सीएम नायब सैनी ने इन 4246 रिक्त पदों पर भर्ती करने की मंजूरी देने का फैसला कर लिया है. जल्द ही राज्य सरकार की ओर से HSSC को इन पदों को विज्ञापित करने और चयन सिफारिश भेजने के लिए पत्र भेजा जाएगा. पदों को विज्ञापित करने के बाद CET पास युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे. CET में प्राप्त अंकों के आधार पर चयन सूची तैयार होगी.
इन पदों पर होगी भर्ती
CET परीक्षा के आयोजन से पहले राज्य सरकार द्वारा ग्रुप C के 13 ग्रुपों के उन विज्ञापित पदों को वापस लेने का फैसला किया गया है, जिनकी भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है. HSSC किसी भी समय इन विज्ञापित पदों को वापस लेने का नोटिस जारी कर सकता है.
इनमें फारेस्टर के 65, सीनियर साइंटिफिक असिस्टेंट के 69, ड्राफ्ट्समैन सिविल के 367, नेटवर्क असिस्टेंट के 16, ऑटो डीजल मैकेनिक के 319, फिटर-प्रेस मैकेनिक के 180, ड्राफ्टसमैन इलेक्ट्रिकल के आठ, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल के चार, असिस्टेंट आर्कियोलाजिस्ट के 10, मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर के 24, फॉरेस्ट रेंजर के 57, डिप्टी रेंजर के छह और असिस्टेंट ड्राफ्ट्समैन सिविल के 156 पद शामिल हैं.
