चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप सी और ग्रुप डी की सरकारी नौकरी के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) को अनिवार्य किया गया है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से ग्रुप सी और ग्रुप डी के लिए एक-एक बार सीईटी आयोजित हो चुका है और उसके आधार पर नौकरी भी दी जा चुकी है. हालांकि, पिछले सीईटी में कुछ ऐसे ग्रुप बच गए थे जिनकी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई.
ग्रुप सी के बचे हुए पदों को वापस लेने का फैसला
ऐसे में इन ग्रुपों के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है. हरियाणा सरकार ने ग्रुप सी पदों की सरकारी भर्ती के लिए जाने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) से पहले ग्रुप सी के बचे हुए कुछ पदों को वापस लेने का निर्णय किया है.
इन पदों के विज्ञापन के बाद आवेदन तो ले लिए थे, लेकिन अभी तक उससे आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी. ये पद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने विज्ञापित किए थे. हालांकि कुछ पदों के लिए लिखित परीक्षा हो चुकी है और उनकी चयन सूची जारी हो चुकी है, लेकिन कुछ पदों की आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी.
HSSC कभी भी जारी कर सकती है नोटिस
हरियाणा सरकार द्वारा हाई लेवल पर फैसला लिया गया है कि जिन विज्ञापित पदों में से कुछ पदों पर आगे की प्रक्रिया नहीं हो पाई है, उन पदों को वापस लिया जाए. इसके लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था. सरकार ने आयोग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से कभी भी इन विज्ञापित पदों को वापस लेने का नोटिस जारी किया जा सकता है.
