नई दिल्ली | राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत CBSE की तरफ से कक्षा 10वीं में शैक्षणिक सत्र 2025- 26 में दो बोर्ड परीक्षा करने के लिए एक ड्राफ्ट पॉलिसी तैयार की गयी है. यह बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड भी हो चुकी है. 9 मार्च तक आप सब इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकते हैं. जांच के बाद पॉलिसी को फाइनल रूप दिया जाएगा.
परीक्षा में प्रदर्शन सुधारने का मौका
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने मंगलवार रात इस बारे में सूचना जारी की है. इसमें उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 जारी की है. इसमें यह सिफारिश की गई है कि छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं में अपना प्रदर्शन सुधारने का मौका दिया जाएगा. इसमें सत्र 2025-2026 में कक्षा 10वीं में दो बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए एक ड्राफ्ट पॉलिसी तैयार करने और इस पॉलिसी को सभी हितधारकों स्कूल, शिक्षक, अभिभावक, छात्र और अन्य से प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर होस्ट करने पर विचार-विमर्श हुआ.
दो फेज में होगी 10वीं की परीक्षा
नई नीति के बारे में बात करें तो पॉलिसी के अनुसार, 10वीं की पहली बोर्ड परीक्षा अगले साल 17 फरवरी को 12वीं की मुख्य परीक्षाओं के साथ शुरू होगी व 6 मार्च तक चलेगी. इसी प्रकार 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा 5 मई से शुरू होगी जो 20 मई तक चलेगी. पहली परीक्षा के बाद पासिंग डॉक्यूमेंट जारी नहीं होगा. परीक्षा की परफॉरमेंस को छात्र के डीजीलॉकर में उपलब्ध कराया जाएगा. इसके आधार पर वे कक्षा 11वीं में एडमिशन ले पायेंगे.
अगस्त 2024 में ड्राफ्ट हुआ था तैयार
दूसरी बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट के बाद ही छात्रों को पासिंग डॉक्यूमेंट जारी किया जाएगा. प्रैक्टिकल या आंतरिक मूल्यांकन एक बार ही किया जाएगा. पॉलिसी के मुताबिक पहली परीक्षा में पास न होने वाले विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा में एडमिशन दिया जा सकेगा तथा द्वितीय परीक्षा के परिणाम के आधार पर उनके प्रवेश को अंतिम रूप मिलेगा. साल में दो बार परीक्षा कराने का ड्राफ्ट अगस्त 2024 में तैयार हो चुका था.
साल में दो बार परीक्षा दे पाएंगे विद्यार्थी
इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि जिस तरह स्टूडेंट्स के पास साल में दो साल इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन के लिए जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम देने का विकल्प होता है. उसी प्रकार स्टूडेंट्स 10वीं की परीक्षा साल में दो बार दे पायेंगे. कक्षा 10वीं में वर्ष 2026 में परीक्षाएं दो चरण में होगी. इसमें पहले फेज में परीक्षा 17 फरवरी से 6 मार्च तक और दूसरे चरण की परीक्षा पांच मई से 20 मई तक होगी. परीक्षा की कुल अवधि 18 प्लस 16 यानि 34 दिन होगी. परीक्षा के लिए प्रस्तावित विषय 84 होंगे व करीबन 1,72,90,000 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है.
अभिभावक अपने बच्चों को करें प्रेरित
प्रधानाचार्या व सीबीएसई रिसोर्स पर्सन मनीषा वालिया का कहना है कि सीबीएसई बोर्ड ने कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए एक नई परीक्षा योजना का ढांचा जारी किया है. इसमें साल में दो बार परीक्षा देने का ऑप्शन दिया गया है. अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें और उन्हें सकारात्मक मानसिकता के साथ पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित करें. यह स्कीम न सिर्फ परीक्षा के तनाव को कम करेगी, बल्कि छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने का एक बेहतर मौका भी प्रदान करेगी.
